NEET Paper Leak Sikar Connection: NEET पेपर लीक मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि नासिक और गुड़गांव से होते हुए लीक पेपर राजस्थान के सीकर पहुंचा था. यहां आरके कंसलटेंसी के राकेश मंडावरिया पर इस लीक पेपर को बेहद बड़े पैमाने पर कोचिंग सेंटर्स और छात्रों में बांटने का आरोप है.
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET पेपर लीक मामले की जांच में अब राजस्थान का सीकर इस पूरे नेटवर्क की सबसे अहम कड़ी बनकर उभरा है. सीबीआई और एसओजी की जांच के रडार पर सीकर की ‘आरके कंसलटेंसी’ और उसका संचालक राकेश मंडावरिया है, जिसने लीक पेपर को कोचिंग छात्रों तक पहुंचाय.
सीकर बना NEET पेपर लीक का मुख्य केंद्र
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET एक बार फिर विवादों के घेरे में है. पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद परीक्षा रद्द की जा चुकी है और अब इस पूरे मामले की कमान केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) संभाल रही है. जांच में सामने आया है कि इस पूरे पेपर लीक नेटवर्क की सबसे अहम और खतरनाक कड़ी राजस्थान का शिक्षा केंद्र माना जाने वाला ‘सीकर’ बनकर उभरा है, जहां से लीक पेपर को बड़े स्तर पर छात्रों तक पहुंचाया गया.
नासिक से सीकर तक ऐसे पहुंचा लीक पेपर
एसओजी (SOG) की शुरुआती जांच में इस पूरे रैकेट के रूट का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. यह पेपर सबसे पहले महाराष्ट्र के नासिक से लीक हुआ था. इसके बाद शुभम नाम के एक शख्स के जरिए इसे गुड़गांव पहुंचाया गया. गुड़गांव से यह लीक पेपर जयपुर के जमवा रामगढ़ में दिनेश और मांगीलाल नाम के दो भाइयों के पास आया.
इसके बाद इस चैन के तार जुड़े सीकर की ‘आरके कंसलटेंसी’ से, जिसके संचालक राकेश मंडावरिया ने पेपर को आगे कोचिंग सेंटर्स और छात्रों तक फैलाया.
जांच एजेंसियों का शिकंजा और दफ्तर पर ताला
खुलासे के बाद जांच एजेंसियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राकेश मंडावरिया को देहरादून से हिरासत में लिया. उससे हुई पूछताछ के बाद जयपुर के जमवा रामगढ़ से दिनेश और मांगीलाल को भी दबोचा गया. वर्तमान में सीकर स्थित आरके कंसलटेंसी का ऑफिस बंद पड़ा है और उसके शटर पर ताले लटके हुए हैं.
हालांकि, ऑफिस के अंदर अभी भी एसी (AC) चलता हुआ दिखाई दे रहा है, जिससे स्थानीय लोगों और जांच टीम का मानना है कि आरोपी यहां से बेहद जल्दबाजी में फरार हुआ था.
यह भी पढ़ें: औषधीय गुणों से भरपूर प्रकृति का तोहफा ‘महुआ’, फूल-फल से लेकर बीज तक फायदेमंद
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




