दिल्ली हाई कोर्ट ने लैंड फॉर जॉब मामले में कथित आरोपी और पूर्व रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव की ओर से दायर याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है. लालू प्रसाद यादव ने निचली अदालत की कार्यवाही को स्थगित करने के मांग की है. लालू की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने जस्टिस रविन्द्र डुडेजा को बताया कि पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए अपेक्षित मंजूरी के अभाव के आधार पर प्राथमिकी रद्द करने के अनुरोध को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में दायर याचिका पर 12 अगस्त को सुनवाई होनी है.
लालू परिवार के पांच सदस्य आरोपी
सिब्बल ने हाई कोर्ट में इस याचिका पर शीघ्र सुनवाई का अनुरोध भी किया. निचली अदालत ने लालू, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव, बेटी मीसा भारती और हेमा यादव के खिलाफ आरोपों पर बहस शुरू करने की तिथि 26 जुलाई तय की है. कपिल सिब्बल ने कहा, ‘इस याचिका पर हाई कोर्ट के निर्णय से पहले आरोपों पर मेरी दलीलें निचली अदालत को सुनने दीजिए.’ लालू का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता मनिंदर सिंह ने कहा कि अगर हाई कोर्ट के वर्तमान आवेदन पर निर्णय देने से पहले निचली अदालत आरोपों पर दलीलें सुन लेती है, तो हाई कोर्ट में याचिका व्यर्थ हो जाएगी.
78 लोगों के खिलाफ चार्जशीट
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने 18 जुलाई को निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था. सीबीआई द्वारा दायर अंतिम सप्लिमेंट्री चार्जशीट में 78 लोगों को आरोपी बनाया गया है. सीबीआई के मुताबिक 38 कैंडिडेट्स है. इसके अलावे कुछ अधिकारी शामिल है. सीबीआई ने 6 मार्च को इस मामले में तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल किया था. जिसमे भोला यादव को आरोपी बनाया गया है.
सीबीआई द्वारा दाखिल पूरक आरोप पत्र में कहा गया है कि भोला यादव लालू प्रसाद यादव के सचिव रह चुके है और वही सभी काम देखते थे. भोला यादव ही अधिकारियों को निर्देश देते थे. इस मामले में लालू प्रसाद यादव सहित उनके परिवार के पांच सदस्य आरोपी है. इसमें लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, मीसा भारती और हेमा यादव शामिल है. सीबीआई से जुड़े मामले में कोर्ट ने 4 अक्टूबर 2023 को तेजस्वी यादव, लालू प्रसाद यादव, और राबड़ी देवी को जमानत दी थी. कोर्ट ने 22 सितंबर 2023 को सीबीआई की ओर से दाखिल दूसरी सप्लिमेंट्री चार्जशीट पर संज्ञान लिया था.
3 जुलाई 2023 को सीबीआई ने सप्लिमेंट्री चार्जशीट दाखिल किया था. कोर्ट ने 27 फरवरी 2023 को इन तीनों आरोपियों समेत सभी आरोपियों के खिलाफ दाखिल चार्जशीट पर संज्ञान लिया था. 7 अक्टूबर 2022 को लैंड फॉर जॉब मामले में सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और मीसा भारती 16 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किया था.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





