Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

गैर-इरादतन हत्या के मामले में दोषी बिहार के साहिबगंज से बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से राहत

बिहार के साहेबगंज से बीजेपी विधायक राजू कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. अदालत ने डॉक्टर अर्चना गुप्ता की मौत से जुड़े हर्ष फायरिंग मामले में उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है.

Supreme Court
Edited by Rohit Agrawal

सुप्रीम कोर्ट से बिहार के साहिबगंज (साहेबगंज) विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक राजू कुमार सिंह को बड़ी राहत मिली है. शीर्ष अदालत ने गैर-इरादतन हत्या के एक मामले में विधायक राजू सिंह की दोषसिद्धि (Conviction) पर रोक लगा दी है. मामले की सुनवाई के दौरान बेंच ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि आप एक विधायक हैं और इतने गैरजिम्मेदार कैसे हो सकते हैं.

हालांकि, कोर्ट ने यह भी माना कि प्रथम दृष्टया यह डिबेटेबल (बहस का) मुद्दा है कि पीड़िता को लगी गोली सीधे आरोपी की बंदूक से चली थी या नहीं, क्योंकि यह सीधा शॉट नहीं था. इन तमाम बिंदुओं और धारा 304 (2) के तहत सजा को देखते हुए कोर्ट ने अपील स्वीकार कर ली है.

क्या था पूरा मामला और राऊज एवेन्यु कोर्ट का फैसला?

यह पूरा हाई-प्रొफाइल मामला 31 दिसंबर 2018 की रात का है. दिल्ली के वसंत कुंज स्थित विधायक के फार्महाउस पर न्यू ईयर पार्टी का आयोजन किया गया था. इस दौरान हुई हर्ष फायरिंग में डॉक्टर अर्चना गुप्ता की गोली लगने से दर्दनाक मौत हो गई थी. इस मामले में राऊज एवेन्यु कोर्ट ने राजू कुमार सिंह को भारतीय दंड संहिता की धारा 304 पार्ट 2 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत 4 साल की सजा सुनाई थी.

इसके साथ ही कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि वे मुआवजे की राशि नहीं देते हैं, तो उन्हें 3 महीने की अतिरिक्त सजा काटनी होगी. इसके अलावा आर्म्स एक्ट के मामले में उन्हें 2 महीने की सजा सुनाई गई थी, जिसमें जेल में बिताई गई अवधि को समायोजित करने का निर्देश था.

सुप्रीम कोर्ट में क्या रही दलीलें और कोर्ट की टिप्पणियां?

सुनवाई के दौरान राजू सिंह की ओर से अच्छे आचरण का हवाला देते हुए राहत की मांग की गई थी. दलील दी गई थी कि मृतका उनके दोस्त के बड़े भाई की पत्नी थीं, जिन्हें वे ‘भाभी’ कहकर बुलाते थे और परिवार के सदस्य जैसी थीं. साथ ही, उन्हें कुछ महीने जेल में भी बिताने पड़े थे और उन्होंने कभी समाज के खिलाफ कोई काम नहीं किया है. वरिष्ठ वकील नंदिता राव ने प्रोबेशन ऑफिसर की रिपोर्ट का हवाला देते हुए अदालत को बताया था कि विधायक पहले किसी मामले में दोषी नहीं पाए गए हैं.

कोर्ट ने सुनवाई के दौरान इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई थी कि नए साल की पार्टी जैसे भीड़भाड़ वाले माहौल में लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग करना यह दर्शाता है कि आरोपी को इस बात की जानकारी थी कि उसके इस लापरवाही भरे कृत्य से किसी की जान जा सकती है.

ये भी पढ़ें- कॉलेज में नीलम देवी को देखते ही दिल दे बैठे थे अनंत सिंह, ऐसे रचाई थी शादी

पत्नी और अन्य सह-आरोपी हुए थे बरी

इस मामले में निचली अदालत ने राजू कुमार सिंह की पत्नी रेणु सिंह, राणा राजेश सिंह और रामेंद्र सिंह को सभी आरोपों से पूरी तरह बरी कर दिया था. अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों और सुनवाई के बाद इन तीनों को दोषमुक्त करने का आदेश दिया था. अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा मुख्य आरोपी विधायक राजू सिंह की दोषसिद्धि पर रोक लगाए जाने से उन्हें बड़ी कानूनी राहत मिलती नजर आ रही है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026