Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

ममता दीदी खुद महाकुंभ आएं और देखें यहां की भव्य व्यवस्थाः हिमन्त बिश्व शर्मा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा ने ममता बनर्जी को महाकुंभ में आकर भव्य व्यवस्थाएं देखने की नसीहत दी. त्रिवेणी संगम में स्नान कर उन्होंने योगी सरकार के प्रयासों की सराहना की और सनातन धर्म को विश्व का भविष्य बताया.

CM Himanta Biswa Sarma Reached Mahakumbh

महाकुंभनगर: महाकुंभ में एक ओर देश-दुनिया के करोड़ों भक्त रोजाना त्रिवेणी संगम के पवित्र जल में स्नान करके खुद को धन्य मान रहे हैं, वहीं कुछ दलों द्वारा महाकुंभ को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी को लेकर एक बड़ा संदेश प्रयागराज की धरती से दिया गया है. शुक्रवार को असम के सीएम और भाजपा के फायरब्रांड नेता हिमन्त बिश्व शर्मा ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के विवादास्पद बयान पर उन्हें नसीहत देते हुए महाकुंभ में आने और यहां की भव्य व्यवस्थाओं को खुद अनुभूत करने का निमंत्रण दे दिया है. वहीं, दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेन्दु अधिकारी ने प्रयागराज की धरती को अमृत संगम बताते हुए महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने को प्रत्येक सनातनी के लिए गर्व का क्षण करार दिया.

इसके अलावा शुक्रवार को तीर्थराज प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में प्रसिद्ध उद्योगपति राजेश अदाणी, त्रिनिदाद एंड टोबैगो का प्रतिनिधिमंडल, लोजपा (रामविलास) की सांसद शाम्भवी चौधरी समेत कई दिग्गजों ने किया स्नान कर खुद का जीवन धन्य माना. सभी ने सीएम योगी और स्थानीय प्रशासन की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए इसे अनुकरणीय करार दिया.

हिमन्त ने दीदी को दी नसीहत

प्रयागराज पहुंचकर पवित्र त्रिवेणी में परिवार समेत स्नान कर असम के सीएम हिमन्त बिश्व शर्मा ने ममता बनर्जी को नसीहत दी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और इंडी गठबंधन सनातन विरोधी है. मै ममता दीदी से आग्रह करूंगा कि वे भी महाकुंभ में आयें, यहां की व्यवस्थाओं को प्रत्यक्ष रूप से देखें और संगम में डुबकी लगायें. उन्होंने यह भी कहा कि सनातन ही अतीत, सनातन ही वर्तमान, और सनातन ही विश्व का भविष्य है. मैं अपने आप को बहुत सौभाग्यशाली मानता हूं कि मैं महाकुंभ में भाग ले सका. उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और सीएम योगी को इतनी बढ़िया व्यवस्था करने के लिए बधाई भी दी.

सोशल मीडिया अकाउंट से तस्वीरें व वीडियो किए साझा

हिमन्त से खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट से तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए. उन्होंने लिखा कि त्रिवेणी संगम पर आज मैंने जो डुबकी लगाई, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. यह सिर्फ नदियों का संगम नहीं है, यह करोड़ों संतों की आस्था, अध्यात्म और विरासत का संगम है. महाकुंभ मनुष्य को महादेव से जोड़ने वाला दिव्य सेतु है. इससे पूर्व, उन्होंने लिखा कि तीर्थराज प्रयागराज में परिवार सहित त्रिवेणी संगम स्नान करने का अपार सौभाग्य प्राप्त हुआ. जब तक सूरज-चांद रहेगा, तब तक सनातन धर्म रहेगा. हर हर महादेव.

शुभेन्दु अधिकारी ने प्रयागराज की धरती को बताया अमृत संगम की धरती

प्रयागराज के त्रिवेणी संगम में स्नान कर खुद को धन्य मानने वालों की फेहरिस्त में पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेन्दु अधिकारी का नाम भी शामिल रहा. अधिकारी भी शुक्रवार को बमरौली एयरपोर्ट से वीआईपी घाट पर पहुंचे जहां उन्होंने त्रिवेणी संगम में स्नान कर अपने जीवन को सफल बताया. उन्होंने कहा कि एक हिंदू, एक सनातनी तथा भारत माता का पुत्र होने के नाते, 144 के बाद आए महाकुंभ के दौरान त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने का यह अवसर हमारे लिए ‘अमृत’ की प्राप्ति है. प्रयागराज की धरती अमृत संगम की धरती है. यहां महाकुंभ में हुई व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम योगी के कुशल क्रियान्वयन को धन्यवाद देते हुए स्थानीय प्रशासन की तारीफ की.

राजेश अदाणी समेत इन दिग्गजों ने भी किया स्नान

शुक्रवार को दिग्गज उद्योगपति गौतम अदाणी के भाई तथा अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजेश अडाणी ने पत्नी व परिवार समेत त्रिवेणी संगम पर विधिवत पूजन-स्नान कर सीएम योगी का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि हमने बहुत अच्छे दर्शन किए. हम खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं. हमने देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की. उनकी पत्नी शिलिन आर. अदाणी कहा कि यहां आना एक बहुत ही दिव्य और अद्भुत अनुभव है. प्रशासन ने सभी को एकजुट करने के लिए बहुत मेहनत की है और यह हमारे देश के लिए वाकई सराहनीय है. वहीं, त्रिनिदाद एंड टोबागो से आए प्रतिनिधिमंडल में आए रोहन सिनानन ने कहा कि यह सौभाग्य की बात है और मुझे लगता है कि महाकुंभ को न केवल भारत के लोगों के साथ बल्कि पूरे ब्रह्मांड के साथ साझा करने के लिए यहां मौजूद होना वाकई आशीर्वाद के फलने जैसा है. उन्होंने कहा कि हमें आगे बढ़ने के लिए अपने ग्रह की स्थिरता पर ध्यान देना होगा.

ये भी पढ़ें: गंगा जल में 50 गुना रोगाणुओं को मारकर सेकेंडों में उसका आरएनए हैक कर ले रहा बैक्टीरियोफेज

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital