Bharat Express DD Free Dish

PM Modi Independence Day Look: 2014 से 2026 तक बदला प्रधानमंत्री का अंदाज, हर साल खास रही पगड़ी और साफा

PM Modi Independence Day look: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से हर स्वतंत्रता दिवस पर अपने पारंपरिक परिधानों और खास पगड़ी-साफे से अलग अंदाज पेश किया है. 2014 से 2026 तक उनके अलग-अलग लुक में राजस्थानी बांधनी, लहरिया और तिरंगे के रंगों समेत भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली.

PM Modi Independence Day look

PM Modi Independence Day look

PM Modi Independence Day look: 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में लाल किले से तिरंगा फहराने के बाद से नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस के लुक में लगातार बदलाव देखने को मिला है. हर साल उनकी पगड़ी या साफा खास आकर्षण का केंद्र रहा. कभी राजस्थानी बांधनी, कभी लहरिया तो कभी तिरंगे के रंगों से सजी पगड़ी में नजर आए. पारंपरिक परिधानों के साथ उनके अलग-अलग रंगों और डिजाइनों वाले साफे ने स्वतंत्रता दिवस की तस्वीरों को भी खास बनाया. 2014 से 2026 तक की उनकी तस्वीरें न सिर्फ उनके बदलते अंदाज को दिखाती हैं, बल्कि देश की विविध पारंपरिक संस्कृतियों की झलक भी पेश करती हैं.

2026 में भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लगातार 13वीं बार देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहनावा भी खास रहा. उन्होंने राजस्थान और गुजरात की पारंपरिक टाई-डाई शैली से प्रेरित लाल रंग का साफा पहना था. इसे उन्होंने सफेद कुर्ते और चॉकलेट ब्राउन रंग की जैकेट के साथ पेयर किया. उनके पॉकेट स्क्वायर भी खास रहे, जिनमें केसरिया, सफेद और हरे रंग के तीन अलग-अलग रंग नजर आए, जो तिरंगे का प्रतिनिधित्व करते हैं.

2025 में 79वें स्वतंत्रता दिवस पर लगातार 12वीं बार लाल किले से संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लुक बेहद खास रहा. उन्होंने चमकीले केसरिया रंग का राजस्थानी साफा पहना था. इसे उन्होंने नारंगी रंग की नेहरू जैकेट, सफेद कुर्ता-चूड़ीदार और तिरंगे बॉर्डर वाले क्रीम रंग के स्टोल के साथ स्टाइल किया था.

2024 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान की पारंपरिक लहरिया शैली वाली बहुरंगी पगड़ी पहनी थी. नारंगी, पीले और हरे रंगों से सजी इस पगड़ी का लंबा छोर उनके लुक को खास बना रहा था. उन्होंने इसके साथ सफेद कुर्ता-चूड़ीदार और आसमानी रंग की बंदगला जैकेट पहनी थी.

2023 में 77वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आकर्षक राजस्थानी बांधनी प्रिंट वाली पगड़ी पहनी थी. इसमें पीले, लाल, हरे और गहरे बैंगनी रंगों का खूबसूरत मेल नजर आया और पगड़ी का लंबा छोर उनके लुक को खास बना रहा था. उन्होंने इसे ऑफ-व्हाइट कुर्ते और काले रंग की वी-नेक जैकेट के साथ पहना था.

2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे के तीनों रंगों से सजे साफे को अपने लुक का हिस्सा बनाया था. उन्होंने इसे सफेद कुर्ते, चूड़ीदार पायजामे और नीले रंग की जैकेट के साथ पहना था, जिससे उनका पारंपरिक अंदाज और भी आकर्षक नजर आया.

2021 में कोरोना महामारी के दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर आठवीं बार लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया. इस दौरान उन्होंने सफेद कुर्ते के साथ ग्रे-स्काई ब्लू जैकेट और गले में लाल कढ़ाई वाला स्टोल पहना था. उनके लुक की खासियत गुलाबी और केसरिया रंग का साफा रहा.

2020 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पारंपरिक अंदाज में नजर आए. उन्होंने क्रीम रंग के कुर्ते के साथ संतरी और पीले रंग की पगड़ी पहनी थी, जिसने उनके लुक को खास बना दिया.

2019 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लुक भी काफी आकर्षक रहा. उन्होंने सफेद कुर्ते के साथ गले में स्टोल पहना था और पीले रंग की पगड़ी बांधी थी, जिस पर हरे और लाल रंग की धारियां थीं. उनकी यह राजस्थानी शैली की पगड़ी लोगों के बीच काफी चर्चा में रही.

2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ भगवा रंग का साफा पहना था, जिसकी किनारी पर लाल बंधेज डिजाइन नजर आ रही थी. इसी पारंपरिक लुक में उन्होंने लाल किले पर तिरंगा फहराया था.

2017 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चौथी बार लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया, तब उनका लुक काफी खास रहा। उन्होंने हल्के बादामी रंग के कुर्ते के साथ लाल और पीले रंग की चेकदार पगड़ी पहनी थी. उनके इस पारंपरिक अंदाज को भी लोगों ने खूब पसंद किया और जमकर तारीफ की.

2016 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने खास अंदाज में नजर आए। उन्होंने हाफ स्लीव कॉटन कुर्ते के साथ कई रंगों वाली आकर्षक पगड़ी पहनी थी, जिसने उनके लुक को और भी खास बना दिया था.

2015 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल, पीले और हरे रंग की चेकदार पगड़ी में नजर आए थे. उन्होंने इस पगड़ी को हल्के नारंगी रंग की शर्ट और बादामी रंग की जैकेट के साथ पहनकर अपने लुक को खास बनाया था.

2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री के रूप में लाल किले से राष्ट्रीय ध्वज फहराया था. उस दौरान उन्होंने हाफ स्लीव शर्ट के साथ लाल और पीले रंग की खास पगड़ी पहनी थी.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read