Bharat Express DD Free Dish

अमरनाथ यात्रा 20 दिन पहले अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, जानिए क्या है वजह?

अमरनाथ जी यात्रा 2026 को अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है. जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है और श्रद्धालुओं से घर लौटने को कहा गया है.

Amarnath Yatra suspended

बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बेहद निराश करने वाली खबर सामने आई है. उत्तर और दक्षिण कश्मीर के बालटाल (Baltal) एवं पहलगाम (Pahalgam) दोनों प्रमुख मार्गों पर ट्रैक बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और खराब मौसम की गंभीर चेतावनी के चलते श्री अमरनाथ यात्रा-2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है. प्रशासन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बेस कैंप और जम्मू के भगवती नगर में ठहरे सभी श्रद्धालुओं को अपने-अपने घर लौटने के निर्देश दिए हैं.

पंजीकरण बंद, केवल वापसी की इजाजत

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षतिग्रस्त रास्तों को ठीक करने में काफी समय लगेगा. इसी वजह से इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा के लिए नया पंजीकरण (Registration) बंद कर दिया गया है और अब किसी भी नए श्रद्धालु को कश्मीर घाटी की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. फिलहाल केवल उन्हीं गाड़ियों के काफिले को चलने की इजाजत दी जा रही है, जो श्रद्धालुओं को घाटी से सुरक्षित वापस ला रहे हैं.

28 अगस्त को पहुंचेगी ‘छड़ी मुबारक’

3 जुलाई से शुरू हुई 57 दिनों की इस वार्षिक यात्रा के दौरान अब तक 4.80 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं. हालांकि यात्रा अचानक रोकनी पड़ी है, लेकिन परंपरा के मुताबिक ‘छड़ी मुबारक’ (भगवान शिव की पवित्र गदा) पारंपरिक पहलगाम मार्ग से होकर 28 अगस्त को पवित्र गुफा पहुंचेगी, जिसके साथ ही इस वर्ष की यात्रा का औपचारिक समापन होगा.

ये भी पढ़ें: रांची में 6 लेयर की सुरक्षा भी फेल! तार-बैरिकेडिंग टूटी, वाटर कैनन पर किया डांस

मौसम विभाग का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताया है. पवित्र गुफा की ऊंचाई (3,880 मीटर) और कठिन भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा के हित में लिया गया है. इस बार कड़े सुरक्षा इंतजामों के चलते यात्रा बिना किसी अप्रिय घटना के संचालित हुई है, लेकिन अब कुदरत के मिजाज को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read