Bharat Express DD Free Dish

Raksha Bandhan 2025: 8 या 9 अगस्त कब है रक्षाबंधन? क्या इस साल रहेगा भद्रा का साया, जानिए राखी बांधने का शुभ मुहूर्त

Raksha Bandhan 2025: आइए जानते हैं रक्षाबंधन 2025 इस साल किस तारीख को पडे़गा, राखी बांधने का शुभ मुहूर्त क्या है और क्या इस बार भद्रा काल का प्रभाव रहेगा या नहीं.

Raksha Bandhan 2025

Raksha Bandhan 2025: हिंदू धर्म में रक्षाबंधन का विशेष महत्व है. यह पर्व भाई-बहन के प्रेम और अटूट रिश्ते को समर्पित होता है. इस दिन बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती है और उनकी लंबी उम्र, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करती है. साथ ही भाई भी अपनी बहन की रक्षा का वचन देता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, स्वंय देवी-देवता भी रक्षाबंधन मनाते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं भाई-बहन के प्रेम का पर्व रक्षाबंधन इस साल किस दिन है क्या है भद्रा का योग और राखी बांधने का शुभ मुहूर्त कौन सा है. चलिए विस्तार से जानते हैं.

कब है रक्षाबंधन? ( Raksha Bandhan 2025)

हिंदू पंचांग के अनुसार, रक्षाबंधन हर साल श्रावण मास की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है. इस साल 2025 में श्रावण पूर्णिमा तिथि 8 अगस्त को दोपहर 2 बजकर 12 मिनट से शुरू होकर 9 अगस्त की दोपहर 1 बजकर 21 मिनट तक रहेगी. क्योंकि रक्षाबंधन उदया तिथि को मनाने की परंपरा है इसलिए इस बार रक्षाबंधन 9 अगस्त 2025 शनिवार को मनाया जाएगा. इस दिन बहनें भाईयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांध सकेंगी.

क्या रक्षाबंधन पर रहेगा भद्रा काल का साया?

कहा जाता है कि रक्षाबंधन के दिन भद्रा काल में राखी बांधना अशुभ माना जाता है. कई बार लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि राखी कहीं भद्रा काल में तो नहीं पड़ रही. लेकिन इस बार आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है क्योंकि भद्रा काल 8 अगस्त 2:12 बजे से 9 अगस्त सुबह 1:52 बजे तक रहेगा. रक्षाबंधन 9 अगस्त को है इसलिए उस दिन भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा.

राखी बांधने का शुभ मुहूर्त

रक्षाबंधन के दिन बहनें व्रत भी रखती हैं और शुभ समय देखकर ही भाई की कलाई पर राखी बांधती है. हिंदू पंचांग के अनुसार इस साल 9 अगस्त को सुबह 5:35 बजे से दोपहर 1:24 बजे तक राकी बांधने का सबसे अच्छा शुभ मुहूर्त रहेगा. इस दौरान राखी बांधना अत्यंत शुभ फलदायक होगा. इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12:00 से 12:53 बजे तक रहेगा जो किसी भी शुभ कार्य के लिए सर्वोत्तम माना जाता है.

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read