Asia Cup Pakistan vs Bangladesh: दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप सुपर-4 के बेहद अहम मैच में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 11 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही पाकिस्तान ने एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है, जहां 28 सितंबर को उसका सामना भारत से होगा.
136 का मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही. बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 124 रन ही बना सकी. 30 रन बनाकर शमीम हुसैन टॉप स्कोरर रहे. सैफ हलन 18, नुरुल हसन 16 बनाकर आउट हुए. वहीं महेदी हसन ने 11 रन बनाए.
शाहीन अफरीदी रहे मैच के हीरो
पाकिस्तान की जीत के हीरो बाएं हाथ के तेज शाहीन अफरीदी रहे. अफरीदी ने पहले बल्ले और फिर गेंद से दमदार प्रदर्शन करते हुए मुश्किल हालात से न सिर्फ पाकिस्तान को निकाला बल्कि जीत दिलाते हुए फाइनल का टिकट दिलाया. शाहीन ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 3 विकेट झटके. इसके अलावा हारिस रऊफ ने 3, सईम अयूब ने 2 और नवाज ने 1 विकेट लिया.
पहले बल्लेबाजी करने उतरा पाकिस्तान
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था. पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही थी. टीम का टॉप ऑर्डर पूरी तरह फ्लॉप रहा था. साहिबजादा फरहान 4, सईम अयूब 0, फखर जमान 13, कप्तान आगा 19 और हुसैन तलत 3 रन बनाकर आउट हो गए. पाकिस्तान ने 49 के स्कोर पर अपने 5 विकेट गंवा दिए थे. विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद हारिस ने 23 गेंद पर 31, शाहीन अफरीदी ने 13 गेंद पर 19, पिछले मैच के हीरो मोहम्मद नवाज ने 15 गेंद पर 25 और फहीम अशरफ ने 9 गेंद पर 14 रन की पारी खेल टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. पाकिस्तान ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 135 रन बनाए.
ये भी पढ़ें- रोहित शर्मा कर रहे फिटनेस पर फोकस, ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले घटाया 10 किलो, 2027 वर्ल्ड कप के लिए तैयार
बांग्लादेशी बॉलर तस्कीन अहमद ने झटके 3 विकेट
बांग्लादेश के लिए तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने बेहतरीन गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट झटके. महेदी हसन ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 और रिशाद हुसैन ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए. मुस्तफिजुर रहमान ने 4 ओवर में 33 रन देकर 1 विकेट निकाला.
हार के साथ ही बांग्लादेश एशिया कप के फाइनल की रेस से बाहर हो गई. सुपर-4 के मैच में बांग्लादेश श्रीलंका से जीती लेकिन भारत के बाद पाकिस्तान से भी उसे हार का सामना करना पड़ा.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



