ICC T20 World Cup 2026: भारत में होने वाले ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बड़ा सियासी खेल संकट खड़ा हो गया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने साफ कर दिया है कि उनकी टीम भारत में किसी भी हालत में क्रिकेट मैच नहीं खेलेगी. इस फैसले के साथ ही बांग्लादेश का टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलना लगभग नामुमकिन हो गया है.
गुरुवार, 22 जनवरी को ICC और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई अहम बैठक में BCB ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए भारत में खेलने से इनकार कर दिया. इससे पहले ICC ने बांग्लादेश को एक दिन का अतिरिक्त समय दिया था, ताकि वह अपने फैसले पर पुनर्विचार कर सके, लेकिन तय समय सीमा के भीतर बांग्लादेश ने अपने स्टैंड से पीछे हटने से मना कर दिया.
7 फरवरी से शुरू होना है T20 वर्ल्ड कप
ICC टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है. टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर ICC पहले ही सभी सदस्य देशों को शेड्यूल और मेजबान देश की जानकारी दे चुका है. ऐसे में बांग्लादेश का भारत में खेलने से इनकार ICC के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.
बैठक के दौरान बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने कहा, “हम ICC के साथ बातचीत जारी रखेंगे. हम विश्व कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में नहीं खेलेंगे. हम संघर्ष करते रहेंगे.”
श्रीलंका में मैच शिफ्ट करने की मांग खारिज
इस पूरे विवाद की जड़ तब सामने आई, जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ICC से अनुरोध किया कि उनके टी-20 वर्ल्ड कप के मैच भारत की बजाय श्रीलंका में कराए जाएं. हालांकि ICC ने इस मांग को साफ तौर पर खारिज कर दिया. ICC का मानना है कि टूर्नामेंट के आयोजन में किसी एक टीम के लिए अलग नियम नहीं बनाए जा सकते.
ICC से राहत न मिलने के बाद BCB ने एक बार फिर बांग्लादेश सरकार से बातचीत करने के लिए समय मांगा. बोर्ड का कहना है कि अगर सरकार टीम को भारत दौरे की अनुमति देती है, तभी खिलाड़ी टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे.
ये भी पढ़ें: साइना नेहवाल ने बैडमिंटन को कहा अलविदा, 18 मेडल और कई अवॉर्ड्स के साथ खत्म हुआ शानदार सफर
स्कॉटलैंड को मिल सकता है मौका
अगर बांग्लादेश सरकार भारत जाने की इजाजत नहीं देती है और BCB अपने फैसले पर कायम रहता है, तो ICC के पास बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा. ऐसी स्थिति में ICC बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में शामिल कर सकता है.
यह फैसला न सिर्फ क्रिकेट जगत बल्कि अंतरराष्ट्रीय खेल राजनीति के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है. आने वाले दिनों में ICC, BCB और बांग्लादेश सरकार के बीच होने वाली बातचीत पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


