Brett Lee on Vaibhav Sooryavanshi: क्रिकेट की दुनिया में इन दिनों अगर किसी नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है तो वह युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी हैं. महज पंद्रह साल की उम्र में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान कर दिया है. इतनी कम उम्र में मैदान पर उनके द्वारा दिखाए गए गजब के आत्मविश्वास और खेल ने कई लोगों को उनकी उम्र पर सवाल उठाने के लिए मजबूर जरूर किया है लेकिन उनके बल्ले की गूंज इन सारे सवालों पर भारी पड़ रही है. इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने वैभव की उम्र और उनकी काबिलियत को लेकर एक बेहद दिलचस्प और साफगोई वाला बयान दिया है जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
भारत के लिए सबसे कम उम्र में खिलाड़ी
अपनी शानदार फॉर्म के दम पर वैभव ने टीम इंडिया के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू भी कर डाला है. हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज के दौरान उन्हें तीन मुकाबलों में मैदान पर उतरने का मौका मिला था. इसी के साथ वह भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले इतिहास के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है.
ब्रेट ली ने वैभव के लिए क्या कहा?
वैभव की उम्र को लेकर दुनिया भर में चल रही चर्चाओं पर खुलकर बोलते हुए ब्रेट ली ने कहा कि इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह पंद्रह, सोलह, सत्रह या अठारह साल के हैं. सबसे जरूरी बात यह है कि वह इस उच्च स्तर पर शानदार खेल दिखा रहे हैं और क्रिकेट जगत में यही बात सबसे अहम होनी चाहिए.
एक पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान ली ने अपनी बात रखते हुए कहा कि वह वाकई लाजवाब हैं. भारत से बाहर के लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या वह सच में पंद्रह साल के हैं? शायद यह इस समय पूरी क्रिकेट दुनिया का सबसे चर्चित विषय बना हुआ है. अगर वह पंद्रह के हैं तो यह कमाल की बात है लेकिन अगर उनकी उम्र सत्रह या अठारह साल भी है, तो इससे किसे फर्क पड़ता है? अहम बात यह है कि यह लड़का क्रिकेट खेलना जानता है. वह भारतीय क्रिकेट की एक ऐसी खोज हैं जो आने वाले समय में बहुत बड़े मुकाम हासिल करेंगे.
ये भी पढ़ें- IND vs SL: टीम इंडिया को बड़ा झटका, चोट के कारण श्रीलंका सीरीज से बाहर हुए साई सुदर्शन
IPL में गाड़ा झंड़ा
वैभव अपनी कला का प्रदर्शन आईपीएल के मंच पर भी बखूबी कर चुके हैं. पैट कमिंस और उनकी टीम के खिलाफ खेली गई वह 97 रनों की यादगार पारी किसी के भूलाए नहीं भूलती. जब खतरनाक ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज हवा में आग उगल रहे थे, तब यह युवा बल्लेबाज उनकी गेंदों को मैदान के चारों तरफ बाउंड्री के पार पहुंचा रहा था.
सबसे खास बात यह थी कि वह कोई उल्टे-सीधे शॉट नहीं खेल रहे थे, बल्कि एकदम शुद्ध और तकनीकी रूप से परफेक्ट क्रिकेटिंग शॉट्स लगा रहे थे. यह सिर्फ उनकी अच्छी फॉर्म की बात नहीं है बल्कि उनके तेज दिमाग और खेलने की शानदार समझ को दिखाता है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

