Bharat Express DD Free Dish

Delhi Capitals ने IPL 2025 के लिए दो बार वर्ल्ड कप जीतने वाले कोच को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2025 के लिए मैथ्यू मॉट को नया हेड कोच नियुक्त किया है. रिषभ पंत के LSG में जाने के बाद टीम नए कप्तान की तलाश में है.

Mathew Mott

दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने आईपीएल 2025 के लिए मशहूर कोच मैथ्यू मॉट को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है. पिछले सीजन में रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) के जाने के बाद दिल्ली ने मुख्य रूप से भारतीय कोचिंग स्टाफ पर भरोसा किया था. हालांकि, पोंटिंग के पंजाब किंग्स में शामिल होने के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने फिर से अंतरराष्ट्रीय अनुभव को अपने सपोर्ट स्टाफ में जोड़ा है. मैथ्यू मॉट को असिस्टेंट कोच की भूमिका दी गई है. मॉट के पास इंग्लैंड की पुरुष टीम के साथ काम करने का अनुभव है. इसके अलावा, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया महिला टीम को 2020 और 2022 में वर्ल्ड कप जिताया था.

अब मॉट, हेमांग बदानी और वेणुगोपाल राव के साथ दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग सेटअप का हिस्सा होंगे. बता दें कि पिछले साल आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन से पहले दिल्ली ने हेमांग बदानी को हेड कोच और वेणुगोपाल राव को डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट नियुक्त किया था.

कौन हैं मैथ्यू मॉट?

मैथ्यू मॉट एक मशहूर क्रिकेट कोच हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑस्ट्रेलिया (महिला) और इंग्लैंड (पुरुष) टीमों को कोचिंग दी है. मॉट अपने बेहतरीन कोचिंग कौशल और रणनीतिक सोच के लिए जाने जाते हैं.

मार्च 2015 में मैथ्यू मॉट ने अंतर्राष्ट्रीय स्टार पर सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली. उनकी शानदार कोचिंग के चलते क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उनका कॉन्ट्रैक्ट 2017 से 2020 तक बढ़ा दिया. उनके कार्यकाल के दौरान, ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने दो T20 वर्ल्ड कप, एक ODI वर्ल्ड कप और ODI मैचों में लगातार 26 जीत का रिकॉर्ड बनाया था.

मई 2022 में मॉट ने इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट टीम के व्हाइट-बॉल कोच के रूप में जिम्मेदारी संभाली. उसी साल, उन्होंने इंग्लैंड की पुरुष टी20 टीम को आईसीसी वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत दिलाई. यह टूर्नामेंट ऑस्ट्रेलिया में आयोजित हुआ था. हालांकि, इंग्लैंड के साथ उनका सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा. 30 जुलाई 2024 को उनका इंग्लैंड के साथ कोचिंग कार्यकाल समाप्त हो गया. इसका कारण इंग्लैंड की 2023 में भारत में आयोजित क्रिकेट वर्ल्ड कप में हार और 2024 में वेस्टइंडीज और यूएसए में हुए टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हार रहा.

दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी पर सस्पेंस

दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक अपने नए कप्तान का ऐलान नहीं किया है. रिषभ पंत अब लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलेंगे. एलएसजी ने पंत को आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे सौदे में 27 करोड़ रुपये में खरीदा है. आईपीएल 2025 में दिल्ली का पहला मुकाबला 22 मार्च को पंत की अगुआई वाली एलएसजी से होगा.

IPL 2025 के लिए दिल्ली कैपिटल्स का पूरा शिड्यूल

IPL 2025 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम: अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, ट्रिस्टन स्टब्स, अभिषेक पोरेल, मिचेल स्टार्क, केएल राहुल, हैरी ब्रुक, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, टी. नटराजन, करुण नायर, समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, मोहित शर्मा, फाफ डु प्लेसिस, मुकेश कुमार, दर्शन नालकांडे, विप्रज निगम, दुष्मंथा चमीरा, डोनोवन फरेरा, अजय मंडल, मानवंथ कुमार, त्रिपुराना विजय और माधव तिवारी.


ये भी पढ़ें- Champions Trophy 2025: रावलपिंडी में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read