Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

FIFA World Cup 2026: वर्ल्ड कप के पहले मैच में मेक्सिको का जलवा, दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से रौंदा

FIFA World Cup 2026 के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान मेक्सिको ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराकर शानदार शुरुआत की. जूलियन क्विनोनेस और राउल जिमेनेज ने गोल दागकर टीम को जीत दिलाई.

FIFA 2026 Mexico vs South Africa

FIFA World Cup 2026: गुरुवार (11 मई) को फुटबॉल के सबसे बड़े ‘महाकुंभ’ फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज बेहद शानदार अंदाज में हुआ. मेजबान मेक्सिको ने उद्घाटन मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से शिकस्त दी और टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की. ऐतिहासिक एजटेका स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले को देखने के लिए हजारों फुटबॉल प्रेमी पहुंचे, जिन्होंने यादगार माहौल बनाया.

ग्रुप ए के इस मुकाबले में मेक्सिको की जीत के नायक जूलियन क्विनोनेस और राउल जिमेनेज रहे, जिन्होंने एक-एक गोल दागकर टीम को तीन महत्वपूर्ण अंक दिलाए. मैच के दौरान मेक्सिको ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और दक्षिण अफ्रीका को ज्यादा मौके नहीं दिए. स्टेडियम में मौजूद 80,824 दर्शकों ने टूर्नामेंट के पहले मैच का भरपूर आनंद लिया और मेजबान टीम की जीत का जोरदार जश्न मनाया.

शुरुआत से ही आक्रामक दिखी मेक्सिको

मुकाबले में मेक्सिको ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और दक्षिण अफ्रीका की टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा. इसका फायदा उसे नौवें मिनट में मिला, जब शानदार फॉर्म में चल रहे जूलियन क्विनोनेस ने गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई.

दूसरे हाफ में भी मेक्सिको का दबदबा कायम रहा. 66वें मिनट में अनुभवी स्ट्राइकर राउल जिमेनेज ने शानदार हेडर के जरिए गेंद को नेट में पहुंचाकर बढ़त दोगुनी कर दी. यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 46वां गोल था. इस उपलब्धि के साथ वह मेक्सिको के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में जारेड बॉर्गेटी की बराबरी पर पहुंच गए हैं. इस सूची में उनसे आगे केवल जेवियर ‘चिचारिटो’ हर्नांडेज हैं, जिनके नाम 52 गोल दर्ज हैं.

डेब्यू मैच में मारा गोल

कोलंबिया में जन्मे 29 वर्षीय जूलियन क्विनोनेस के लिए यह मुकाबला खास रहा, क्योंकि उन्होंने इसी मैच में मेक्सिको के लिए अपना पहला वर्ल्ड कप मुकाबला खेला. वह उन छह खिलाड़ियों में शामिल रहे, जिन्हें टूर्नामेंट में पहली बार खेलने का मौका मिला. मेक्सिको के लिए यह जीत इसलिए भी अहम है, क्योंकि टीम 2022 के कतर वर्ल्ड कप में ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई थी. वहीं दक्षिण अफ्रीका को हार के साथ अभियान की शुरुआत करनी पड़ी. टीम अब अपने अगले मुकाबले में अटलांटा में चेक गणराज्य का सामना करेगी.

रेड कार्ड ने बदला गेम

मैच के दौरान कई बार खिलाड़ियों का अनुशासन भी बिगड़ता नजर आया. दक्षिण अफ्रीका के स्पेफेलो सिथोल और थेम्बा ज्वाने को रेड कार्ड दिखाया गया, जिसके चलते टीम को मुकाबले का अंत नौ खिलाड़ियों के साथ करना पड़ा. दूसरी तरफ इंजरी टाइम में मेक्सिको के डिफेंडर सीजर मोंटेस को भी मैदान छोड़ना पड़ा, जब रेफरी ने उन्हें रेड कार्ड दिखाया.


ये भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026 से पहले सुरक्षा पर बड़ा फोकस, खिलाड़ियों को पहननी होंगी बुलेटप्रूफ वेस्ट


फीफा वर्ल्ड कप 2026 कई नए रिकॉर्ड और बदलावों के कारण चर्चा में है. पहली बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे यह अब तक का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप बन गया है. साथ ही इसका आयोजन भी तीन देशों मेक्सिको, कनाडा और अमेरिका की मेजबानी में हो रहा है, जो इसे और भी खास बनाता है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital