भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने पहली बार विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के साथ अपने रिश्तों को लेकर खुलकर बात की है. उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले डेढ़ साल के दौरान उनसे कुछ गलतियां हुई होंगी और वह इन रिश्तों को बेहतर तरीके से संभाल नहीं पाए. हालांकि गंभीर ने यह भी स्पष्ट किया कि उनके हर फैसले के पीछे टीम के हित और सही नीयत ही रही.
सोमवार को कोलकाता में आयोजित रेवस्पोर्ट्ज कॉन्क्लेव (Revsportz Conclave) में बोलते हुए उन्होंने कहा कि एक इंसान होने के नाते उनसे भी गलतियां हो सकती हैं, लेकिन वह हमेशा ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने की कोशिश करते हैं.
इंसान हूं, मुझसे भी गलतियां हुई होंगी- गंभीर
16 मार्च को कॉन्क्लेव में गौतम गंभीर ने कहा, ‘मैं इंसान हूं और मुझे भी गलतियां करने की अनुमति होनी चाहिए. खिलाड़ियों को भी गलतियां करने का हक है, पिछले 18 महीनों में मुझसे भी गलतियां हुई होंगी और मैं इससे पीछे नहीं हटता. लेकिन मैं हमेशा एक बात मानता हूं कि सही नीयत से लिया गया गलत फैसला भी स्वीकार किया जा सकता है, लेकिन गलत नीयत से लिया गया फैसला ड्रेसिंग रूम में बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है.’
गौतम गंभीर ने आगे कहा, ‘जब तक मैं अपने ड्रेसिंग रूम के सामने ईमानदारी से खड़ा होकर उनकी आंखों में देखकर बात कर सकता हूं, तब तक मुझे लगता है कि मैं अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभा रहा हूं.’
भारतीय टेस्ट क्रिकेट में एक युग का अंत
भारतीय क्रिकेट में गौतम गंभीर के मुख्य कोच बनने के कुछ ही महीनों के भीतर, टीम इंडिया के दो सबसे बड़े स्तंभों विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. यह फैसला केवल एक इत्तेफाक नहीं, बल्कि टीम के गिरते ग्राफ और भविष्य की तैयारी का परिणाम था.
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border–Gavaskar Trophy 2024–25) में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन के बाद यह फैसला सामने आया. इस सीरीज में टीम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. इसके साथ ही न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में भी भारत को उम्मीदों के विपरीत नतीजे झेलने पड़े. लगातार मिले इन निराशाजनक परिणामों के बाद BCCI ने टीम के प्रदर्शन की समीक्षा की और आगे के लिए कुछ नए निर्देश लागू किए.
ये भी पढ़ें: IPL में बैन पर द हंड्रेड में मेहरबान? सनराइजर्स के पाकिस्तानी प्रेम पर गावस्कर ने उठाए सवाल!
वनडे में नजर आएंगे रो-को (Ro-Ko Playing World CUP 2026)
फिलहाल विराट कोहली और रोहित शर्मा भारतीय टीम के लिए केवल वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं और दोनों का लक्ष्य 2027 वर्ल्ड कप पर है. हालांकि टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं ने साफ कर दिया है कि विश्व कप की टीम में उनकी जगह अपने आप तय नहीं मानी जाएगी. चयन पूरी तरह खिलाड़ियों के मौजूदा प्रदर्शन और फॉर्म के आधार पर किया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



