India vs Pakistan for Asia Cup 2025: भारत-पाकिस्तान क्रिकेट के मैदान पर तनातनी अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) तक पहुंच गई है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के खिलाफ इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) में आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाई है. आरोप है कि अर्शदीप ने 21 सितंबर को एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले के बाद दर्शकों की ओर आपत्तिजनक इशारे किए थे.
पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, PCB ने अपनी शिकायत में कहा है कि अर्शदीप का यह रवैया ICC के कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन है. बोर्ड का दावा है कि भारतीय गेंदबाज का व्यवहार न सिर्फ अनैतिक था, बल्कि इसने खेल की गौरव को भी नुकसान पहुंचाया. PCB ने आईसीसी से अर्शदीप पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
हालिया विवादों का सिलसिला
यह पहली बार नहीं है जब भारत-पाकिस्तान मैच के बाद विवाद खड़ा हुआ हो. एशिया कप के दौरान हाल ही में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर भी आईसीसी की अनुशासन समिति ने कार्रवाई की थी. दोनों खिलाड़ियों पर आक्रामक व्यवहार के चलते मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था. दिलचस्प बात यह रही कि इस फैसले को लेकर न सिर्फ BCCI, बल्कि PCB ने भी आईसीसी के सामने चुनौती दी थी.
सूर्या के बयान पर भी आपत्ति
गौर करने वाली बात यह है कि एशिया कप के ग्रुप मैच में जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने अपनी पारी और भारत की जीत को पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों और भारतीय सेना को समर्पित किया था. यही नहीं उस मैच के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से भी परहेज किया था.
इस पर भी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आपत्ति जताई थी. PCB ने सूर्या के बयान को राजनीति से प्रेरित बताते हुए आईसीसी में शिकायत दर्ज कराई थी. वहीं भारतीय कप्तान ने स्पष्ट किया था कि उनका बयान महज भारतीय प्रशंसकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए दिया गया था.
हैंडशेक को लेकर हुआ था विवाद
पाकिस्तान ने यह मुद्दा भी उठाया कि भारतीय खिलाड़ियों ने मैच के बाद हैंडशेक नहीं किया, जो खेल भावना के खिलाफ है. हालांकि, क्रिकेट नियमों में कहीं यह अनिवार्य नहीं है कि हर मैच के बाद खिलाड़ियों को हैंडशेक करना ही होगा. भारतीय क्रिकेट हलकों का कहना है कि PCB ने जानबूझकर इस मसले को लेकर आया था.
ये भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर छोड़ दिल्ली के कैसे हो गए BCCI के नए बॉस मिथुन मन्हास?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



