T20 World Cup 2026: क्रिकेट जगत की निगाहें इस वक्त सिर्फ एक सवाल पर टिकी हैं. क्या 15 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) का महामुकाबला होगा? अब तक बहिष्कार की रट लगा रहे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के सुर बदलते दिख रहे हैं. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में रविवार को आईसीसी (ICC), पीसीबी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच करीब 5 घंटे तक चली मैराथन बैठक के बाद उम्मीद की किरण जगी है.
बंद कमरे में क्या हुआ? (IND vs PAK T20 World Cup 2026)
इस हाई-प्रोफाइल बैठक में पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi), आईसीसी डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा और बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम शामिल थे. पाकिस्तान ने 2 फरवरी को अचानक ऐलान किया था कि वह बांग्लादेश के प्रति ‘एकजुटता’ दिखाते हुए 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करेगा. आईसीसी ने साफ कर दिया है कि अगर पाकिस्तान मैच नहीं खेलता है, तो उसे और अन्य बोर्ड्स को भारी वित्तीय नुकसान होगा. ब्रॉडकास्टर्स और स्पॉन्सर्स के लिए यह मैच ‘सोने की चिड़िया’ है.
24 घंटे में होगा फैसला (T20 World Cup 2026 IND vs PAK)
पाकिस्तानी पत्रकार जाहिद गिशकोरी और Geo Super की रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुलह का रास्ता लगभग निकल चुका है. पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अंतिम मंजूरी लेंगे. माना जा रहा है कि अगले 24 घंटों (सोमवार तक) में पाकिस्तान आधिकारिक तौर पर मैच खेलने के लिए ‘हां’ कर सकता है.
ये भी पढ़ें: गुजरात में सेना की हुंकार: ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा के साथ दी मानवीय सेवा की अनूठी मिसाल
क्यों नाराज था पाकिस्तान?
विवाद की जड़ में बांग्लादेश है. सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश ने भारत में खेलने से मना किया था, जिसके बाद उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने की बात उठी थी. इसी के विरोध में पाकिस्तान ने भारत से मैच न खेलने की धमकी दी थी. लेकिन अब बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम की मौजूदगी में आईसीसी ने बीच का रास्ता निकाल लिया है. आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता भी श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा से मिलने कोलंबो गए हैं. एसएलसी ने भी पीसीबी को ईमेल भेजकर मैच खेलने का आग्रह किया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

