IPL 2025 GT vs MI: आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटन्स ने अपनी पहली जीत हासिल कर ली है. उन्होंने मुंबई इंडियंस को एकतरफा मुकाबले में 36 रनों से हराकर सीजन में जीत का खाता खोला. वहीं, मुंबई इंडियंस को लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 196/8 का स्कोर खड़ा किया. जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी और मैच हार गई.
Thrilling the home crowd with a performance to cherish 🤩
Gujarat Titans get their #TATAIPL 2025 campaign off the mark 💪
Scorecard ▶ https://t.co/lDF4SwnuVR #GTvMI | @gujarat_titans pic.twitter.com/iy60R0cOwZ
— IndianPremierLeague (@IPL) March 29, 2025
मुंबई की पारी रही फीकी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही. पहले ही ओवर में रोहित शर्मा (8 रन) क्लीन बोल्ड हो गए. मोहम्मद सिराज की इनस्विंग गेंद ने उन्हें पूरी तरह चकमा दे दिया. इसके बाद सिराज ने रयान रिकेल्टन (17 रन) को भी बोल्ड कर मुंबई को दूसरा झटका दे दिया. मुंबई का स्कोर 2 विकेट पर 35 रन हो गया.
यहां से तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने मुंबई की पारी को संभालने की कोशिश की. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन जोड़े. तिलक वर्मा ने 36 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 1 छक्का शामिल था. लेकिन उनकी पारी को प्रसिद्ध कृष्णा ने खत्म कर दिया.
इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए रॉबिन मिंज कुछ खास नहीं कर पाए. उन्होंने कुछ गेंदें खेली, लेकिन साई किशोर की गेंद पर पवेलियन लौट गए. मुंबई का स्कोर इस वक्त 4 विकेट पर 108 रन था.
सूर्या की कोशिश बेकार, हार्दिक फ्लॉप
इसके बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या पर रन बनाने की जिम्मेदारी थी. सूर्यकुमार ने 28 गेंदों पर 48 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 1 चौका शामिल था. लेकिन अहम मौके पर वह भी प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बन गए.
हार्दिक पंड्या (11 रन) क्रीज पर टिक नहीं सके और कगिसो रबाडा की गेंद पर आउट हो गए. उनके आउट होते ही मुंबई इंडियंस की जीत की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई.
गुजरात टाइटन्स की पारी
गुजरात की पारी की शुरुआत दमदार रही. कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने मिलकर शानदार बल्लेबाजी की. पहले 6 ओवर में गुजरात ने 66 रन जोड़ लिए. मुंबई को पहला झटका हार्दिक पंड्या ने दिया. उन्होंने शुभमन गिल को आउट किया. गिल ने 27 गेंदों पर 38 रन बनाए. उनकी पारी में 4 चौके और 1 छक्का था. गिल और सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 78 रनों की साझेदारी की.
गिल के बाद जोस बटलर क्रीज पर आए. उन्होंने सुदर्शन के साथ 51 रनों की साझेदारी की. बटलर ने 24 गेंदों पर 39 रन बनाए. उनकी पारी में 5 चौके और 1 छक्का था. उन्हें मुजीब उर रहमान ने आउट किया. बटलर के बाद सुदर्शन ने अपनी फिफ्टी पूरी की. सुदर्शन ने पिछले मैच में भी अर्धशतक लगाया था.
इसके बाद गुजरात ने शाहरुख खान का विकेट खो दिया. शाहरुख सिर्फ 9 रन बनाकर हार्दिक पंड्या का शिकार बने. फिर सुदर्शन और शेरफेन रदरफोर्ड ने 33 रनों की साझेदारी की. ट्रेंट बोल्ट ने सुदर्शन को बोल्ड कर दिया. सुदर्शन ने 41 गेंदों पर 63 रन बनाए. उनकी पारी में 4 चौके और 2 छक्के थे.
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), बी साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, राहुल तेवतिया, शाहरुख खान, राशिद खान, आर साई किशोर, कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा
इम्पैक्ट सब्स्टिट्यूट (GT): ईशांत शर्मा
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, मुजीब उर रहमान और सत्यनारायण राजू.
इम्पैक्ट सब्स्टिट्यूट (MI): रोबिन मिन्ज
ये भी पढ़ें- IPL Match Preview: गुजरात और मुंबई के बीच पहले जीत की जंग, कौन होगा जीत का हकदार?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


