IPL 2025 का धमाकेदार आगाज आज (22 मार्च) से होने जा रहा है. इस सीजन का पहला मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच ईडन गार्डन्स, कोलकाता में खेला जाएगा. पिछले सीजन में KKR ने खिताब अपने नाम किया था, ऐसे में उनकी शुरुआत पर सभी की नजरें रहेंगी.
RCB और KKR की ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता
आईपीएल के इतिहास का पहला मैच भी इन्हीं दोनों टीमों के बीच हुआ था. 18 अप्रैल 2008 को खेले गए उस मुकाबले में KKR के ब्रैंडन मैक्कुलम ने 73 गेंदों पर 158* रन की तूफानी पारी खेली थी. उस मैच में KKR ने 222/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जबकि RCB महज 82 रन पर ढेर हो गई थी.
अब तक दोनों टीमें 35 बार आमने-सामने आ चुकी हैं, जिनमें KKR को 21 और RCB को 14 बार जीत मिली है. पिछले 10 मुकाबलों की बात करें, तो दोनों ने 5-5 मैच जीते हैं. आईपीएल में इनके बीच 34 मैच हुए हैं, जहां KKR ने 20 और RCB ने 14 बार बाजी मारी है. एक मैच चैंपियंस लीग में हुआ था.
इस बार दोनों ही टीमें नए कप्तानों के साथ मैदान में उतरेंगी. KKR की कमान अजिंक्य रहाणे को सौंपी गई है, जबकि RCB का नेतृत्व रजत पाटीदार करेंगे.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का स्क्वॉड
रिटेन किए गए खिलाड़ी: विराट कोहली, रजत पाटीदार (कप्तान), यश दयाल.
नीलामी में खरीदे गए खिलाड़ी: लियाम लिविंगस्टोन, फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, जोश हेजलवुड, रसिख डार, सुयश शर्मा, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, नुवान तुषारा, मनोज भांडागे, जैकब बेथेल, देवदत्त पडिक्कल, स्वास्तिक चिकारा, लुंगी एनगिडी, अभिनंदन सिंह, मोहित राठी.
कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) का स्क्वॉड
रिटेन किए गए खिलाड़ी: सुनील नरेन, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, रमनदीप सिंह.
नीलामी में खरीदे गए खिलाड़ी: वेंकटेश अय्यर, क्विंटन डिकॉक, रहमानुल्लाह गुरबाज, एनरिक नॉर्किया, अंगकृष रघुवंशी, वैभव अरोड़ा, मयंक मार्कंडे, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, स्पेंसर जॉनसन, लवनीत सिसोदिया, अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अनुकूल रॉय, मोईन अली, चेतन सकारिया (रिप्लेसमेंट).
पहले मुकाबले पर बारिश का साया
IPL 2025 के पहले मुकाबले से पहले मौसम एक बड़ी चुनौती बन सकता है. मौसम विभाग (IMD) ने कोलकाता के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 22 मार्च को भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. शनिवार को बारिश की 74% संभावना है, जो शाम तक 90% तक पहुंच सकती है. अगर ऐसा हुआ तो मैच रद्द भी हो सकता है. फैंस को उम्मीद है कि बारिश बीच में ना आए और उन्हें KKR और RCB के बीच एक शानदार मुकाबला देखने को मिले.
ये भी पढ़ें- इरफान पठान को IPL 2025 के कमेंट्री पैनल से निकाला गया, पर्सनल एजेंडा चलाने का लगा आरोप
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

