Bharat Express DD Free Dish

IPL में हो सकता है बड़ा बदलाव, अब सितंबर-अक्टूबर में होगा टूर्नामेंट; BCCI ले सकता है ये बड़ा फैसला

IPL के समय और मैचों की संख्या में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है. BCCI टूर्नामेंट को सितंबर-अक्टूबर में कराने और 74 की जगह 94 मैच कराने पर विचार कर रहा है. मौसम और ब्रॉडकास्टिंग को इसकी बड़ी वजह माना जा रहा है.

IPL 2026, IPL Schedule, BCCI

IPL New Schedule: क्रिकेट फैंस के लिए आने वाले समय में IPL का पूरा शेड्यूल बदल सकता है. अब तक हर साल मार्च से मई के बीच खेले जाने वाला इंडियन प्रीमियर लीग भविष्य में किसी दूसरे समय पर आयोजित किया जा सकता है. इतना ही नहीं, टूर्नामेंट में मैचों की संख्या भी बढ़ सकती है. IPL चेयरमैन Arun Dhumal ने हाल ही में इसको लेकर बड़े संकेत दिए हैं.

सितंबर-अक्टूबर में हो सकता है IPL

एक इंटरव्यू के दौरान अरुण धूमल ने कहा कि IPL को नए समय पर आयोजित करने को लेकर चर्चा चल रही है. उन्होंने बताया कि ब्रॉडकास्टर्स के साथ बैठकर इस पर विस्तार से बात की जाएगी. एक सुझाव यह भी सामने आया है कि टूर्नामेंट को सितंबर और अक्टूबर के बीच कराया जाए.

धूमल के मुताबिक, विज्ञापनदाताओं के लिहाज से यह समय काफी बेहतर माना जाता है क्योंकि यह दिवाली से ठीक पहले का सीजन होता है. ऐसे में कंपनियां ज्यादा निवेश करने में रुचि दिखा सकती हैं.

गर्मी भी बन रही बड़ी वजह

IPL की टाइमिंग बदलने के पीछे मौसम भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है. पिछले कुछ सालों में मई के महीने में पड़ने वाली भीषण गर्मी खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए चुनौती बनती जा रही है. अरुण धूमल ने कहा कि बोर्ड फरवरी से अप्रैल के बीच की विंडो पर भी विचार कर रहा है. इसके अलावा साल के आखिर में भी संभावित समय तलाशा जा रहा है ताकि टूर्नामेंट को बेहतर माहौल में आयोजित किया जा सके.

ये भी पढ़ें- बाप रे बाप! 16 बॉल में फिफ्टी, 29 में 97 रन: एक ही मैच में वैभव सूर्यवंशी ने तोड़े इतने सारे रिकॉर्ड

अब 74 नहीं, हो सकते हैं 94 मैच

IPL फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि आने वाले समय में मैचों की संख्या बढ़ाई जा सकती है. फिलहाल टूर्नामेंट में 74 मुकाबले खेले जाते हैं, लेकिन भविष्य में यह संख्या बढ़कर 94 तक पहुंच सकती है. धूमल ने बताया कि मौजूदा फॉर्मेट में हर टीम 7 होम और 7 अवे मैच खेलती है. अगर मैचों की संख्या बढ़ती है, तो हर टीम को 9 होम और 9 अवे मैच खेलने का मौका मिलेगा.

द्विपक्षीय सीरीज बन रही चुनौती

हालांकि मैच बढ़ाने के रास्ते में सबसे बड़ी चुनौती इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर है. कई देशों के बीच होने वाली द्विपक्षीय सीरीज की वजह से IPL के लिए लंबी विंडो निकालना आसान नहीं है. लेकिन अगर बोर्ड को अतिरिक्त समय मिल जाता है, तो टूर्नामेंट में दो हफ्ते और जोड़े जा सकते हैं. इससे ना सिर्फ मैचों की संख्या बढ़ेगी, बल्कि फैंस को ज्यादा रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read