Bharat Express DD Free Dish

Ind Vs Pak: भारत के साथ मुकाबले से पहले पनपा नया विवाद, पाक ने मांगा ICC से स्पष्टीकरण

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के तहत लाहौर में खेले गए ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मुकाबले के दौरान एक बड़ी गलती हो गई, जिसने सभी को हैरान कर दिया.

Yograj Singh on Pakistan Coach

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के तहत लाहौर में खेले गए ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच मुकाबले के दौरान एक बड़ी गलती हो गई, जिसने सभी को हैरान कर दिया. मैच की शुरुआत में जब दोनों टीमें राष्ट्रगान के लिए मैदान में उतरीं, तो गलती से भारत का राष्ट्रगान बजा दिया गया. यह सुनते ही स्टेडियम में हलचल मच गई, और दर्शक भी चौंक गए. हालांकि, यह गलती महज एक सेकंड बाद ही सुधार ली गई और भारतीय राष्ट्रगान को तुरंत रोक दिया गया.

पीसीबी ने आईसीसी को ठहराया जिम्मेदार

इस घटना के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इस पर कड़ी नाराजगी जताई और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा. पीसीबी ने इस गलती के लिए आईसीसी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि जब भारतीय टीम इस टूर्नामेंट के पाकिस्तान चरण में हिस्सा ही नहीं ले रही है, तो फिर उनका राष्ट्रगान प्लेलिस्ट में कैसे शामिल हुआ.

आईसीसी के करीबी सूत्रों ने पीटीआई को जानकारी देते हुए बताया कि पीसीबी ने इस घटना को लेकर अपनी चिंता जताई है और आईसीसी से जवाब मांगा है.

भारत के मैच दुबई में खेले जा रहे हैं

गौरतलब है कि भारतीय क्रिकेट टीम ने सुरक्षा कारणों के चलते पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद टूर्नामेंट को हाइब्रिड मॉडल में आयोजित किया जा रहा है. भारतीय टीम अपने सभी मैच दुबई में खेल रही है, और 23 फरवरी को दुबई में ही भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला होने वाला है.

पहले भी कर चुका है शिकायत

यह पहली बार नहीं है जब पीसीबी ने आईसीसी से शिकायत की है. इससे पहले भी पीसीबी ने आईसीसी को पत्र लिखा था, जिसमें उसने भारत और बांग्लादेश के बीच दुबई में हुए मैच के दौरान टीवी स्क्रीन पर पाकिस्तान का लोगो न दिखने पर आपत्ति जताई थी. तब आईसीसी ने इसे एक तकनीकी गलती बताया था और आश्वासन दिया था कि आगे के मैचों में यह गलती दोबारा नहीं होगी. इस ताजा विवाद के बाद देखना होगा कि आईसीसी इस पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या कदम उठाता है.


इसे भी पढ़ें- Ind vs Pak, Champions Trophy 2025: वर्ल्ड कप में भारत का दबदबा, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान का पलड़ा भारी.. कौन मारेगा बाजी?


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read