कमबैक पर मोहम्मद शमी ने दिया बड़ा बयान
Mohammed Shami Comeback: टीम इंडिया में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की अचानक हुई वापसी ने क्रिकेट गलियारों में एक नई बहस छेड़ दी है. भुवनेश्वर की इस धमाकेदार एंट्री के बाद से ही फैंस के जेहन में एक बड़ा सवाल उठ रहा है कि क्या अब मोहम्मद शमी की भी नीली जर्सी में वापसी होगी? पिछले डेढ़ साल से ज्यादा समय से टीम से बाहर चल रहे शमी को आगामी वर्ल्ड कप 2027 के लिए स्क्वाड में शामिल करने की मांग लगातार जोर पकड़ रही है. हालांकि, चयन समिति की ओर से अभी तक ऐसे कोई खास संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन क्या भुवी के कमबैक से शमी की उम्मीदों को हवा मिली है? इस पर खुद शमी का तीखा और स्पष्ट जवाब सामने आ गया है.
रणजी ट्रॉफी पर है पूरा फोकस
इन दिनों मोहम्मद शमी घरेलू क्रिकेट में पसीना बहा रहे हैं. बंगाल की रणजी टीम के साथ आगामी रणजी सीजन की तैयारियों में जुटे शमी का पूरा ध्यान इस समय सिर्फ अपने खेल को निखारने पर है. भुवनेश्वर कुमार के कमबैक पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शमी ने खुशी जताई और कहा कि एक सीनियर खिलाड़ी के लिए यह बहुत अच्छी बात है. हालांकि, उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी दूसरे खिलाड़ी के चयन से उनके पर्सनल करियर पर कोई फर्क नहीं पड़ता है.
सिलेक्शन को लेकर बेपरवाह हैं शमी
बता दें कि 36 साल के स्टार पेसर शमी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद से ही टीम इंडिया से बाहर हैं. इस टूर्नामेंट में उन्होंने भारत को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी, लेकिन इसके बाद से वह लगातार टीम से दूर चल रहे हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपनी वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया. शमी ने कहा कि अगर उनका चयन होता है, तो वह पूरी शिद्दत के साथ देश के लिए मैदान पर उतरेंगे, और यदि ऐसा नहीं भी होता है, तो इससे उनका कुछ नहीं बिगड़ने वाला.
ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स में मेडल जिताने वाले कोच को महीनों से नहीं मिला वेतन
फिटनेस और चयन कमेटी में बदलाव का असर
गौरतलब है कि वर्ल्ड कप 2023 के बाद से ही फिटनेस शमी के लिए एक बड़ा सिरदर्द साबित हुई है. चोट के कारण वह लंबे वक्त तक मैदान से दूर रहे. हालांकि, चैंपियंस ट्रॉफी से पहले उन्होंने वापसी की थी, लेकिन उसके बाद वह फिर से टीम से बाहर हो गए. इस बीच पूर्व चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के साथ उनके विवाद की खबरें भी खूब सुर्खियों में रहीं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

