भारत की अग्रणी पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ियों में से एक और अदाणी स्पोर्ट्सलाइन के फ्लैगशिप एथलीट सपोर्ट प्रोग्राम ‘गर्व है’ (Garv Hai) की एथलीट नूरजहां नूरअली जमानी (Nurjahan Noorali Jamani) को गुजरात के सर्वोच्च खेल पुरस्कारों में शामिल ‘सरदार पटेल स्पोर्ट्स अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है.
गुजरात सरकार द्वारा प्रदान किया जाने वाला यह पुरस्कार नूरजहां को पैरा टेबल टेनिस के क्षेत्र में उनके असाधारण खेल प्रदर्शन, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राज्य और देश का नाम रोशन करने तथा खेल के प्रति उनके अनुकरणीय योगदान के लिए दिया गया है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लहराया है सफलता का परचम
नूरजहां जमानी भारत की सबसे होनहार और निरंतर प्रदर्शन करने वाली पैरा टेबल टेनिस एथलीटों में से एक हैं. उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर भारतीय पैरा-स्पोर्ट्स में अपनी एक अलग पहचान बनाई है.
उनकी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए अडानी स्पोर्ट्सलाइन ने अपने बयान में कहा कि नूरजहां जमानी की यह सफलता केवल व्यक्तिगत मील का पत्थर नहीं है, बल्कि देश की उन लाखों महिलाओं और दिव्यांग एथलीटों के लिए एक बड़ी प्रेरणा है जो खेल क्षेत्र में अपना करियर बनाने का सपना देखते हैं.
‘गर्व है’ प्रोजेक्ट और स्पोर्ट्सलाइन का सहयोग
अदाणी स्पोर्ट्सलाइन अपने ‘गर्व है’ (Garv Hai) पहल के तहत देश के प्रतिभाशाली पैरा और नॉन-पैरा एथलीटों को ट्रेनिंग, उपकरण, वित्तीय सहायता और विश्व स्तरीय कोचिंग सुविधाएं प्रदान करता है, ताकि वे ओलंपिक और पैरालिंपिक जैसे वैश्विक मंचों पर भारत के लिए मेडल जीत सकें.
अपनी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नूरजहां ने राज्य सरकार, अपने कोच, परिवार और अडानी स्पोर्ट्सलाइन का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उन्हें आने वाले अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों और आगामी पैरालंपिक क्वालिफायर मुकाबलों में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


