रोहित शर्मा के पास इतिहास रचने का मौका
IND vs WI: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज Rohit Sharma इन दिनों एक बार फिर चर्चा में हैं. इंग्लैंड के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज के आखिरी मैच में शानदार शतक लगाकर उन्होंने फिलहाल अपनी साख तो बचा ली थी, लेकिन ‘हिटमैन’ के लिए चुनौतियां अभी खत्म नहीं हुई हैं. अब टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज खेलनी है, जिसकी शुरुआत 27 सितंबर 2026 से होने जा रही है. इस सीरीज में रोहित पर एक बार फिर से खुद को साबित करने का भारी दबाव होगा.
वेस्टइंडीज सीरीज में इतिहास रचने का मौका
रोहित शर्मा के लिए यह सीरीज केवल खुद को बचाने की नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी सुनहरा मौका है. अगर वह वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले में शतक जड़ देते हैं, तो वह भारतीय सरजमीं पर 39 साल की उम्र में वनडे शतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे.
इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ लगाए गए शानदार शतक के साथ ही वह 39 साल की उम्र में वनडे शतक जड़ने वाले चुनिंदा दिग्गजों में शामिल हो चुके हैं और महान सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ चुके हैं. अब उनके पास घरेलू मैदान पर एक और नया इतिहास रचने का मौका है, बशर्ते वह अपनी पुरानी लय को बरकरार रख सकें.
ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स में सेना के दो जवानों का कमाल! सतनाम सिंह-सलमान खान ने रोइंग में भारत को दिलाया ब्रॉन्ज
करियर पर लटकी तलवार
टी20 और टेस्ट फॉर्मेट को अलविदा कह चुके रोहित शर्मा फिलहाल केवल वनडे क्रिकेट ही खेल रहे हैं. उनका सबसे बड़ा सपना साल 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलना और टीम को जिताना है. हालांकि, यह सफर इतना आसान नहीं दिखता. अगर वेस्टइंडीज के खिलाफ इस सीरीज में उनके बल्ले से रन नहीं निकले, तो चयनकर्ता उन पर कड़ा फैसला ले सकते हैं.
यदि रोहित वनडे टीम से भी बाहर होते हैं, तो उनका इंटरनेशनल करियर हमेशा के लिए थम सकता है. ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की इस सीरीज में उनका टिके रहना और कम से कम दो मैचों में बेहतरीन पारियां खेलना बेहद जरूरी हो गया है. ऊपर से टीम इंडिया इस सीरीज में अपने पांच प्रमुख खिलाड़ियों के बिना मैदान पर उतर रही है, ऐसे में एक सीनियर खिलाड़ी होने के नाते रोहित पर प्रदर्शन करने का दबाव और भी ज्यादा बढ़ गया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



