Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

ENG vs AUS: स्मिथ ने मचाई तबाही, इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जड़ा शतक, तोड़ा पोंटिंग का ये रिकॉर्ड

ENG vs AUS Ashes Test: ऑस्ट्रेलियाई टीम सीरीज में 1-0 से आगे है. उसने एजबेस्टन में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड को दो विकेट से हराया था.

steven smith

स्टीव स्मिथ

ENG vs AUS Ashes Test: स्टीव स्मिथ के शतक (110) की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे एशेज टेस्ट के दूसरे दिन 416 रन बनाए. जवाब में इंग्लैंड ने बिना किसी नुकसान के 72 रन बना लिये थे. बेन डकेट 25 और जाक क्राउले 45 रन बनाकर खेल रहे हैं. दूसरे दिन के खेल में एलेक्स कैरी और मिचेल स्टार्क जल्दी ही आउट हो गए, जबकि दूसरे छोर पर स्मिथ मौजूद थे. 97 रनों पर खेल रहे स्मिथ ने जेम्स एंडरसन को चौका लगाकर शतक पूरा किया. यह उनका 32वां और इंग्लैंड के खिलाफ 12वां टेस्ट शतक था.

स्मिथ के लिए कई मायनों में खास रही ये पारी

इसी के साथ सर्वाधिक टेस्ट शतक जड़ने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह पूर्व कप्तान स्टीव वॉ के समकक्ष आठवें स्थान पर आ गए हैं. स्मिथ एशेज में सर्वाधिक रन बनाने वाले आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की सूची में भी चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं. उनके 3173 रन हैं और उनसे पहले केवल डॉन ब्रेडमैन, जैक हॉब्स और एलेन बॉर्डर ही हैं. इस शतक के साथ स्मिथ ने रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया जिन्होंने 176वीं पारी में अपना 32वां शतक जड़ा था. हालांकि, शतकों की संख्या के मामले में पोंटिंग अभी काफी आगे हैं और उनके नाम टेस्ट में 41 शतक दर्ज हैं.

डेब्यू मैच में जोश टंग ने छोड़ी छाप

स्मिथ 110 रन बनाकर जोश टंग की गेंद पर गली में डकेट को कैच देकर लौटे. उन्होंने 184 गेंद की पारी में 15 चौके जड़े. जबकि स्टुअर्ट ब्रॉड ने कैरी (22) को और जेम्स एंडरसन ने स्टार्क (छह) को आउट किया. कप्तान पैट कमिंस 22 रन बनाकर नाबाद रहे. नाथन लियोन और हेजलवुड को रॉबिनसन ने पवेलियन भेजा. इंग्लैंड की तरफ से डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज जोश टंग ने काफी प्रभावित किया और ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में तीन शिकार किए. हालांकि, वे थोड़े महंगे साबित हुए और 4.50 की इकॉनमी से 22 ओवर में 98 दिए.

ये भी पढ़ें: Ind vs Pak World Cup 2023: भारत-पाक मैच का क्रेज, अहमदाबाद में 10 गुना महंगे हुए होटल के कमरे, 1 लाख तक पहुंचा एक दिन का किराया

पहले दिन के खेल में हुआ था हंगामा

पहले दिन मैच शुरू होने के पांच मिनट के भीतर ‘जस्ट स्टॉप आइल’ ग्रुप के दो प्रदर्शनकारी मैदान में घुस गए थे और करीब पांच मिनट तक खेल बाधित रहा था. पर्यावरण के लिये काम कर रहे इन प्रदर्शनकारियों ने मैदान पर नारंगी पाउडर डालने की कोशिश की लेकिन दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने रोका. इंग्लैंड के विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो एक प्रदर्शनकारी को 50 मीटर तक ले गए और सीमा के पास सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया. दूसरे को इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और आस्ट्रेलिया के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने बाहर भेजा.

बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई टीम सीरीज में 1-0 से आगे है. उसने एजबेस्टन में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड को दो विकेट से हराया था. इस रोमांचक मुकाबले में इंग्लैड की हार के बाद पहले ही दिन पारी घोषित करने के कप्तान के फैसले की काफी आलोचना हुई थी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital