Vaibhav Suryavanshi Debut
Vaibhav Suryavanshi Debut: आईपीएल 2026 में अपने शानदार खेल के बदौलत टीम इंडिया में जगह बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) के डेब्यू को लेकर चर्चा तेज है. हाल ही में हुई आयरलैंड टी20 सीरीज और इंग्लैंड के साथ चल रही सीरीज में अब तक वैभव के लिए प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बन पाई है. हालांकि, उनके फैंस वैभव को भारतीय जर्सी में खेलते हुए देखने के लिए बेताब हैं. इस बीच वैभव सूर्यवंशी की एक इंस्टाग्राम पोस्ट ने सबको चौंका दिया है, जिसके बाद से यह चर्चा तेज हो गई है कि वैभव सूर्यवंशी जल्द डेब्यू कर सकते हैं.
दो शब्दों वाली पोस्ट से मचा कोहराम
भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार रात अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक स्टोरी शेयर की. इसमें वैभव मैदान पर जश्न मनाते नजर आ रहे हैं. लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान इस फोटो के ऊपर लिखे दो शब्दों ने खींचा. उस पर लिखा है, ‘New Chapter’. इन दो शब्दों वाले कैप्शन ने पूरे क्रिकेट जगत में कोहराम मचा दिया. इसके साथ ही लोगों ने कयास लगाने भी शुरू कर दिए कि आज होने वाले भारत बनाम इंग्लैंड मैच में वैभव डेब्यू कर सकते हैं.

कोच ने क्या कहा?
दूसरे टी20 में वैभव के डेब्यू को लेकर अब भी तस्वीर साफ नहीं है. शुक्रवार को मैनचेस्टर में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मॉर्कल ने संकेत दिए कि टीम फिलहाल अपनी मौजूदा ओपनिंग जोड़ी में बदलाव के मूड में नहीं है. उन्होंने कहा कि संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए उन्हें जल्द बाहर करने का सवाल नहीं उठता. मॉर्कल ने यह भी जोर दिया कि टी20 विश्व कप जीतने वाली टीम के खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना जरूरी है.
हालांकि, इसी बयान के कुछ समय बाद वैभव ने इंस्टाग्राम पर “New Chapter” लिखकर एक स्टोरी साझा की. इसके बाद उनके दूसरे टी20 में खेलने की अटकलें फिर तेज हो गईं और डेब्यू को लेकर सस्पेंस और बढ़ गया.
कयासों का दौर जारी
वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी का मतलब अभी तक नहीं बताया है. ऐसे में यह कहना सही नहीं होगा कि उनका पोस्ट टीम इंडिया में डेब्यू का संकेत है या किसी नए ब्रांड या प्रोजेक्ट से जुड़ा है. फिलहाल इसे लेकर सिर्फ अटकलें लगाई जा रही हैं.
ये भी पढ़ें: ‘संजू को सपोर्ट करो, वैभव का वक्त आएगा…’ वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू पर दिनेश कार्तिक का बयान वायरल
हालांकि, इस पोस्ट ने एक बार फिर वैभव को चर्चा में ला दिया है. अब सभी की नजरें शनिवार को मैनचेस्टर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मैच और भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन पर हैं. अगर उन्हें मौका मिलता है तो उनकी “New Chapter” स्टोरी का मतलब काफी हद तक साफ हो जाएगा. वहीं, अगर वह टीम में शामिल नहीं होते हैं, तो इस पोस्ट के पीछे की वजह कुछ और भी हो सकती है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

