अयोध्या में प्रभु श्री राम को लेकर अंबिका की अटूट आस्था
Ambika Ram Bhakti: अयोध्या में रामभक्ति की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. झारखंड की 14 साल की अंबिका मानसिक और शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं, लेकिन भगवान श्रीराम के प्रति उनकी आस्था बेहद गहरी है. अंबिका की दुनिया में जैसे राम ही सबसे खास हैं. वह जागते-सोते लगातार राम का नाम लेती रहती हैं और प्रभु श्रीराम को अपना भाई मानती हैं.
राम को मानती हैं अपना भाई
अंबिका के पिता दिलीप बताते हैं कि बेटी की स्थिति भले ही सामान्य बच्चों से अलग है, लेकिन रामभक्ति के प्रति उसका लगाव देखते ही बनता है. उसे रामायण की कई चौपाइयां कंठस्थ हैं. धार्मिक पर्वों को लेकर भी अंबिका में खास उत्साह रहता है. खासकर अयोध्या में रामलला के दर्शन करना उसे सबसे ज्यादा पसंद है.
अंबिका की इच्छा है कि वह अयोध्या में ही रहे और भगवान राम के करीब अपना जीवन बिताए. यही वजह है कि पिता दिलीप उसे लेकर कई बार अयोध्या आ चुके हैं. राम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन के दौरान अंबिका की खुशी देखते ही बनती है.
बेटी की खुशी के लिए छोड़ दी नौकरी
अंबिका के पिता दिलीप पेशे से प्राइवेट शिक्षक थे. वह अपनी इकलौती बेटी की देखभाल और उसकी इच्छाएं पूरी करने के लिए नौकरी छोड़ चुके हैं. अब वह बेटी को देश के अलग-अलग तीर्थस्थलों की यात्रा करवाते हैं. अंबिका अपने पिता के साथ जगन्नाथपुरी, रामेश्वरम, वैष्णोदेवी और महाकाल समेत कई धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: राधा रानी की पोशाक पर कुतुब मीनार में बवाल, मासूमों को एंट्री देने से किया इनकार; देखें VIDEO
हालांकि, इन सभी जगहों में अंबिका का सबसे ज्यादा लगाव अयोध्या से है. वह यहां बार-बार आना चाहती हैं और राम जन्मभूमि के दर्शन को अपने लिए खास मानती हैं. अंबिका राम जन्मोत्सव भी पूरे उत्साह के साथ मनाती हैं. उनकी राम के प्रति इसी निश्छल आस्था और लगाव को देखकर अयोध्या आने वाले लोग उन्हें राम का अनोखा भक्त कहते हैं. पिता के लिए भी बेटी की यही खुशी सबसे बड़ी दौलत है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

