कौशाम्बी में अचानक रोका गया अतीक के बेटे अली का काफिला
रिपोर्ट – अनम फातिमा
Ali Ahmed Convoy Stopped In Kaushambi: माफिया अतीक अहमद के दूसरे नंबर के बेटे अली अहमद और अतीक गैंग के सदस्य असाद कालिया को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रयागराज जिला कोर्ट में पेश किया गया. दोनों को एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज (एडीजे) शैलेंद्र मणि त्रिपाठी की कोर्ट नंबर 16 में पेश किया गया. इससे पहले 9 सितंबर को कोर्ट ने दोनों आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में हाजिर होने का सख्त आदेश दिया था.
यह पूरा मामला वर्ष 2023 में प्रयागराज के करेली थाने में दर्ज एक मुकदमे से जुड़ा है, जिसकी एफआईआर कसारी मसारी निवासी मोहम्मद अफजल ने दर्ज कराई थी. अफजल ने दोनों के खिलाफ रंगदारी मांगने और जानलेवा हमले (हत्या के प्रयास) के गंभीर आरोप लगाए थे. पेशी के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
भारी सुरक्षा के बीच दोनों को लाया गया प्रयागराज
पेशी के लिए झांसी जेल में बंद अली अहमद और कासगंज जेल में बंद असाद कालिया को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच प्रयागराज लाया गया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रास्ते भर पुलिस हाई अलर्ट पर रही.
मामला हाई प्रोफाइल होने की वजह से कौशाम्बी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान अली अहमद के काफिले को रोककर गाड़ियों की सघन तलाशी ली गई. पुलिस ने काफिले में शामिल लोगों से पूछताछ भी की. काफिले में मौजूद अतीक अहमद के दूसरे बेटे अहजम अहमद की गाड़ी की भी जांच की गई.
बैरिकेडिंग कर गाड़ियों की पुलिस ने की जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अली अहमद को झांसी जेल से प्रयागराज लाया जा रहा था. प्रयागराज पहुंचकर उससे जुड़े मामलों में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जानी थी. सुरक्षा कारणों से सैनी टोल प्लाजा और हाईवे पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच की गई. मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे.
ये भी पढ़ें- पैसा ज्यादा हो गया तो… : एटा-कासगंज में सपा की गुटबाजी पर फूटा अखिलेश का गुस्सा, सपा संगठन खत्म?
अचानक हुई इस कार्रवाई से हाईवे पर कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बन गया. हालांकि जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद काफिले को प्रयागराज के लिए रवाना कर दिया गया. वहींअदालत में पेशी के दौरान भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
