Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

बहराइच में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रहे तीन दोस्तों को DCM ने कुचला, एक की दर्दनाक मौत और दो गंभीर घायल

बहराइच के सीतापुर हाईवे पर एक तेज रफ्तार DCM ने बाइक सवार तीन लोगों को रौंद दिया. हादसे में बाराबंकी के शत्रोहन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं. तीनों दोस्त मरी माता मंदिर में एक शादी समारोह से लौट रहे थे.

Bahraich Road Accident Barabanki Resident Dead

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां खुशियों का माहौल एक पल में मातम में बदल गया, जब एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे तीन दोस्तों को एक तेज रफ्तार DCM ने कुचल दिया. इस भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों की हालत इतनी नाजुक है कि उनमें से एक को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर करना पड़ा है.

काल बनी रफ्तार

जानकारी के अनुसार, ये दुखद हादसा बहराइच के हरदी थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले सीतापुर हाईवे पर हुआ. बाराबंकी के रहने वाले 46 वर्षीय शत्रोहन अपने दो अन्य दोस्तों, 54 वर्षीय अर्जुन (निवासी बाराबंकी) और 37 वर्षीय परशुराम (निवासी सीतापुर) के साथ बहराइच शहर आए थे. ये तीनों यहां मरी माता मंदिर में आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. हसीं-खुशी कार्यक्रम निपटाने के बाद तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर वापस घर के लिए निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है.

हाईवे पर मची चीख-पुकार

बता दें कि जैसे ही इनकी बाइक सीतापुर हाईवे पर हरदी इलाके के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित DCM ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर दूर जा गिरे. शत्रोहन की मौके पर ही तड़प-तड़प कर जान चली गई. हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची.

अस्पताल में चल रहा घायलों का उपचार

पुलिस ने आनन-फानन में तीनों को बहराइच मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने शत्रोहन को मृत घोषित कर दिया. वहीं, अर्जुन की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तुरंत लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया. तीसरे साथी परशुराम का इलाज फिलहाल बहराइच मेडिकल कॉलेज में ही चल रहा है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

ये भी पढ़ें: आजमगढ़ में ‘खूनी’ रफ्तार का कहर: अर्टिगा ने पल्सर को मारी जोरदार टक्कर; 18-19 साल के दो दोस्तों की मौके पर मौत!

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital