Bijnor snake stunt case
Bijnor snake stunt case: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने और खतरनाक करतब दिखाने की कोशिश एक युवक पर भारी पड़ गई. घर में निकले सांप को मारने के बाद उसने उसके शव को बार-बार अपने मुंह में डालकर करतब दिखाना शुरू कर दिया. कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. हालांकि, परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने में लगे रहे, जिससे इलाज में देरी हो गई.
घर में निकला था सांप
जानकारी के अनुसार, यह घटना नहटौर थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव की है. गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे 42 वर्षीय सलीम पुत्र घसीटा के घर में एक सांप निकल आया. परिजनों के मुताबिक, सलीम ने सांप को मार दिया, लेकिन इसके बाद उसने मृत सांप के साथ ऐसा करतब दिखाना शुरू कर दिया, जिसने आसपास मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया.
मरे हुए सांप को मुंह में लेकर बनाई वीडियो!👇
वीडियो में दिख रहा सलीम नामक व्यक्ति ने एक मरे हुए सांप को लेकर अपने मुंह में कई बार डाला और बाहर निकाला और ये सब उसने सिर्फ रील बनाने के लिए किया।
सांप का जहर सलीम के दांतों के जरिए उसकी बॉडी में चला गया और अपना असर दिखा दिया ,… pic.twitter.com/EUogAVwvbP
— Pradeep Chaudhary (@pradeepgr63) June 26, 2026
मरे सांप को बार-बार मुंह में डालने लगा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांप को मारने के बाद सलीम ने उसका शव उठाया और उसे बार-बार अपने मुंह के अंदर डालकर बाहर निकालने लगा. आसपास मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और करतब जारी रखा. कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. उसे घबराहट महसूस हुई और हालत तेजी से खराब होने लगी. इसके बाद परिजन और गांव के लोग भी घबरा गए.
झाड़-फूंक में गंवाया समय
युवक की हालत गंभीर होने के बावजूद परिजन उसे तुरंत अस्पताल नहीं ले गए. पहले स्थानीय स्तर पर झाड़-फूंक कराई गई, लेकिन जब उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
डॉक्टरों ने किया हायर सेंटर रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी तबीयत किस सटीक कारण से बिगड़ी. विशेषज्ञों के अनुसार, मृत सांप को मुंह में डालना संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है. ऐसे मामलों में बिना देरी किए सीधे अस्पताल पहुंचना ही सबसे सुरक्षित विकल्प माना जाता है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


