Bharat Express DD Free Dish

“अखिलेश यादव…ये 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है”, बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह सपा सुप्रीमो पर भड़के

Akhilesh Yadav Nepal Statement: बीजेपी विधायक ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है. भारत डिजिटल पेमेंट (UPI) में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है.लेकिन फिर भी अखिलेश यादव को भारत का विकास नहीं दिख रहा.

Akhilesh Yadav Nepal Statement

Akhilesh Yadav Nepal Statement: नेपाल विद्रोह पर अखिलेश यादव के बयान पर लखनऊ के सरोजनी नगर से बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सपा सुप्रीमो पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का यह बयान ना सिर्फ भ्रामक है बल्कि हास्यास्पद भी है. उन्होंने कहा कि यह 140 करोड़ भारतीयों की मेहनत और उपलब्धियों का अपमान है.

समाजवादी पार्टी के मुखिया और सांसद अखिलेश यादव ने नेपाल के विद्रोह पर कहा था कि भारत की स्थिति नेपाल जैसी हो सकती है. जिसपर बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अखिलेश यादव की जमकर आलोचना की.

भारत आज दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था

बीजेपी विधायक ने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है. भारत डिजिटल पेमेंट (UPI) में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है. भारत वित्त वर्ष 2025 में 821 अरब डॉलर का निर्यात कर चुका है, लेकिन फिर भी अखिलेश यादव को भारत का विकास नहीं दिख रहा. उन्होंने अखिलेश यादव पर तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया.

बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा,

भारत आज 12,000+ किमी राष्ट्रीय राजमार्ग (FY24) बना चुका है. 234 GW नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता हासिल कर चुका है. चंद्रयान-3 और आदित्य L1 जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियाँ दर्ज कर चुका है. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, चेनाब ब्रिज और ब्रह्मोस मिसाइल हमारी ताक़त और तकनीकी क्षमता का प्रमाण हैं.

अखिलेश यादव पर बीजेपी विधायक डॉ. सिंह ने हमला करते हुए कहा कि जनता अब जाति, तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति को नकार चुकी है.

स्टार्टअप इकोसिस्टम का भारत कर रहा नेतृत्व

उन्होंने आगे कहा कि, भारत दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम का नेतृत्व कर रहा है. स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं से युवा सशक्त हो रहे हैं. युवाओं को रोजगार के लिए सरकार नई-नई योजनाएं लेकर आई है. नवाचार, रोजगार और विकास से नए भारत का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन अखिलेश यादव अपनी आंखों पर पट्टी बांधे हुए हैं.

ये भी पढ़ें-गांधीनगर में अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन 14 सितंबर को, विद्वानों से संवाद करेंगे गृह मंत्री अमित शाह

वैश्विक नेतृत्व से जुड़ी युवाओं की आकांक्षाएं

बीजेपी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि, भारत के युवाओं की आकांक्षाएं अब विकास, तकनीक और वैश्विक नेतृत्व से जुड़ी हैं.

विधायक राजेश्वर सिंह ने अखिलेश यादव पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि नेपाल जैसी तुलना करना अखिलेश यादव के ज्ञान की कमी और नकारात्मक राजनीति को दिखाता है.

– भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read