Bharat Express DD Free Dish

इलाहाबाद हाईकोर्ट: नवनिर्मित मल्टीलेवल पार्किंग और वकीलों के चैम्बर्स का उद्घाटन करेंगे CJI, CM योगी भी रहेंगे मौजूद

इलाहाबाद हाईकोर्ट में सीजेआई बी आर गवई मल्टीलेवल पार्किंग और वकीलों के चैम्बर्स का उद्घाटन करेंगे. सीएम योगी और सुप्रीम कोर्ट के जज भी शामिल होंगे. सुरक्षा कड़ी, वकीलों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी.

Allahabad High Court
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

Allahabad High Court: इलाहाबाद हाईकोर्ट में नवनिर्मित मल्टीलेवल पार्किंग एवं वकीलों के चैम्बर्स का उद्घाटन कल सुबह 10 बजे होगा. भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) बी.आर.गवई इस समारोह की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे.

इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस जे के माहेश्वरी, जस्टिस बी.वी नागरत्ना, जस्टिस पंकज मित्तल, जस्टिस मनोज मिश्र और जस्टिस राजेश बिंदल शामिल होंगे. इसके अतिरिक्त, भारत सरकार के कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी समारोह में भाग लेंगे.

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्यों को सुरक्षा कारणों से वकील की वेशभूषा में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं. कार्यक्रम स्थल पर सीमित संख्या में लोगों को प्रवेश की अनुमति होगी, और केवल कार्ड धारकों को ही प्रवेश मिलेगा. मल्टीलेवल बिल्डिंग की छठी मंजिल पर वकीलों के लिए जलपान और भोजन की व्यवस्था की गई है.

वीवीआईपी मूवमेंट के कारण हाईकोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सीआरपीएफ और पुलिस के जवान तैनात हैं, जो जगह-जगह ड्यूटी दे रहे हैं. यह आयोजन हाईकोर्ट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read