Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

“खटाखट करने वालों को हम 2027 में सफाचट कर देंगे”, सीएम योगी का कांग्रेस पर बड़ा हमला

अयोध्या का आरोपी सांसद का करीबी है तो हरदोई मामले का आरोपी सपा का पूर्व जिलाध्यक्ष है और 2012 से 2017 के मध्य सपा शासन में उस पर कई मामले दर्ज हुए. यह समाज के कोढ़ हैं.

CM Yogi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विधानसभा में सपा और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में खटाखट करने वालों को हम सफाचट कर देंगे. सीएम योगी ने कहा कि इन लोगों ने देश की जनता को ठगने का काम किया है. इन लोगों ने संविधान बदलने की बात कहकर जनता को गुमराह किया है. लेकिन, काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है. 2027 के चुनाव में खटाखट करने वालों को हम सफाचट कर देंगे. केंद्र में मोदी सरकार को 10 साल हो गए. लेकिन, आज तक संविधान नहीं बदला गया. सपा-कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को गुमराह किया है. कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर देश के लोकतंत्र को कुचला था. आज सपा के लोग उन्हीं के साथ मिलकर संविधान बचाने की बात कर रहे हैं. इसका जवाब 2027 में मिलेगा.

इंडी गठबंधन पर बोला हमला

अनुपूरक बजट पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस और सपा के इंडी गठबंधन पर करारा हमला बोला. सीएम योगी ने इंडी गठबंधन के ‘खटाखट स्कीम’ पर बोलते हुए प्रश्र किया कि एक लाख का बॉन्ड कहां गया? उन्होंने भाजपा और एनडीए के अपने सहयोगी विधायकों से कहा कि आप सब जनता-जनार्दन के बीच जाइए और उनसे पूछिए कि एक लाख का बॉन्ड कहां गया, कौन खा गया और उसे खाने वाले लोग कौन हैं?

“पीएम मोदी ने बाबा साहब के पंच तीर्थों का निर्माण कराया”

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहब के पंच तीर्थों का निर्माण कराया. मध्य प्रदेश के महू में स्थित उनकी जन्मस्थली पर भव्य स्मारक हो या इंग्लैंड के जिस मकान से बाबा साहब अंबेडकर ने उच्च शिक्षा अर्जित की थी, इंडिया हाउस के रूप में उसे प्रधानमंत्री मोदी ने स्थापित किया. बाबा साहब अंबेडकर ने दिल्ली के जिस मकान में रहते हुए अपना सार्वजनिक जीवन व्यतीत किया था, प्रधानमंत्री ने उसे भी स्मारक बनाया. नागपुर में जिस स्थल पर बाबा साहब ने बौद्ध दीक्षा प्राप्त की थी, उसे भी प्रधानमंत्री ने ही स्मारक बनाया. मुंबई में स्थित बाबा साहब अंबेडकर की चैत्य भूमि पर स्मारक बनाने का कार्य प्रधानमंत्री और महाराष्ट्र की भाजपा सरकार ने किया.

कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में अफवाह फैलाने का कार्य किया. बाबा साहब अंबेडकर को हराने वाली कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है. अयोध्या में अति पिछड़ी बच्ची से दुष्कर्म व हरदोई में अधिवक्ता की हत्या में सपा के नेताओं का नाम आ रहा है. अयोध्या का आरोपी सांसद का करीबी है तो हरदोई मामले का आरोपी सपा का पूर्व जिलाध्यक्ष है और 2012 से 2017 के मध्य सपा शासन में उस पर कई मामले दर्ज हुए. यह समाज के कोढ़ हैं. इस कोढ़ को जब तक हटाएंगे नहीं, तब तक यूपी की स्थिति को ठीक करने में कठिनाई होगी.

सपा पर जमकर बरसे सीएम

सीएम योगी ने अयोध्या मामले पर चर्चा करते हुए सपा को खूब लताड़ा. उन्होंने कहा कि सपा नेता मोइन खान को अति पिछड़ी जाति की 12 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के कृत्य में शामिल पाया गया है. वह सपा का एक्टिव मेंबर और अयोध्या सांसद की टीम का सदस्य है. सपा सांसद के साथ उठता-बैठता, खाता-चलता है. सपा ने अभी तक उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की है. ऐसी गतिविधियों के कारण सपा का नाम लेना ही पड़ता है. घटिया हरकत में लिप्त होने के बावजूद इसे हल्केपन में लिया जा रहा है.

यह भी पढ़ें- लखनऊ छेड़छाड़ मामले में पूरी पुलिस चौकी सस्पेंड, योगी ने कहा- जो अराजकता पैदा करने की कोशिश करेगा वह भुगतेगा

“यह समाज के सबसे बड़े कलंक और कोढ़ हैं”

सीएम ने कहा कि बुधवार को हरदोई में दुखद घटना हुई. इसमें भी सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव का नाम आ रहा है. उसके द्वारा सरेआम अधिवक्ता की हत्या कराई गई है. उस पर 28 मामले दर्ज हैं. ऐसे अपराधियों को गोली नहीं मारें तो क्या माला पहनाएं. आईपीसी व सीआरपीसी की कोई धारा नहीं, जो उस पर नहीं लगी हो. यह ताजा उदाहरण है. यह समाज के सबसे बड़े कलंक और कोढ़ हैं. इस कोढ़ को जब तक हटाएंगे नहीं, तब तक यूपी की स्थिति को ठीक करने में कठिनाई होगी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital