CM Yogi Adityanath: लखनऊ में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने फिल्म गोदान की कास्ट से मुलाकात की. फिल्म प्रोड्यूसर-डायरेक्टर विनोद चौधरी अपनी टीम के साथ लखनऊ पहुंचे. इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने फिल्म गोदान का पोस्टर भी जारी किया. योगी आदित्यनाथ से पहले मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने भोपाल में कुछ दिनों पहले फिल्म गोदान का ट्रेलर लॉन्च किया था.
निर्माण और प्रमोशन का उद्देश्य
फिल्म का निर्माण दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति, फरह (मथुरा) के तत्वावधान में कामधेनु इंटरनेशनल प्रोडक्शन द्वारा किया गया है. इस कार्यक्रम के दौरान फिल्म के निर्देशक विनोद चौधरी ने फिल्म के उद्देश्य और निर्माण के बारे में जानकारी दी.
भरतीय में गौ माता का महत्व
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गौ सेवा गतिविधि के राष्ट्रीय संयोजक अजीत प्रसाद महापात्र ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय का आध्यात्मिक, पौराणिक और वैज्ञानिक महत्व है. उन्होंने पौराणिक संदर्भ देते हुए बताया कि समुद्र मंथन के बाद गौ माता ने मानवता के कल्याण के लिए पृथ्वी पर रहने का निर्णय लिया था.
मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री हो सकती है फिल्म
गोदान फिल्म मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री हो सकती है. कुछ दिनों पहले सूबे के मुख्यमंत्री सीएम मोहन यादव ने फिल्म का ट्रेलर लॉन्च करते हुए कहा कि गाय जीवनकाल में हमें दूध, घी और पंचगव्य प्रदान करती है, वहीं मृत्यु के बाद भी गोसमाधि खाद के माध्यम से भूमि को उर्वर बनाकर किसानों को आर्थिक लाभ दे सकती है. उन्होंने फिल्म की टीम को सम्मानित करते हुए प्रदेशवासियों से 6 फरवरी से सिनेमाघरों में फिल्म देखने की अपील की और फिल्म को मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री करने पर विचार करने की बात भी कही.
योगी ने रिलीज की फिल्म गोदान का पोस्टर
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गोदान की कास्ट और प्रोडक्शन टीम ने मुलाकात की और उसी दौरान सीएम योगी ने फिल्म के पोस्टर को जारी किया. फिल्म में गौ माता के महत्व और भारतीय संस्कृति में उनके योगदान को दिखाया गया है, जिससे युवा पीढ़ी को इस फिल्म से प्रेरणा मिलेगी. ये फिल्म 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
ये भी पढ़ें- सुनेत्रा पवार की ताजपोशी पर प्रियंका ने जताई खुशी, NCP के मर्जर पर क्या कहा?
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग और गौसेवा से जुड़े कार्यकर्ता भी वहां मौजूद थे. कार्यक्रम के आखिर में आयोजकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया. हालांकि, फिल्म मेकर्स लगातार नेताओं से मिल रहे हैं और गौ माता के महत्व को रेखांकित करती इस फिल्म को देखने प्रेरित कर रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



