शुभम/आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में पुलिस ने 2.87 करोड़ रुपये की जमीन ठगी के मामले में गैंगेस्टर कृष्णचन्द्र राय के गिरोह पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है. गिरोह पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन बेचकर लोगों को ठगने का आरोप है. मामले में सरगना पहले ही गिरफ्तार हो चुका है, जबकि संगम राय उर्फ कुंदन राय समेत अन्य आरोपी फरार हैं. न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने धारा 84 बीएनएसएस के तहत मुनादी कर आरोपियों को सरेंडर करने की चेतावनी दी है.
ठगी गिरोह पर पुलिस का शिकंजा
थाना कोतवाली और बरदह पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगेस्टर और भूमाफिया कृष्णचन्द्र राय के गिरोह से जुड़े वांछित अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई की है. न्यायालय के आदेश पर संगम राय उर्फ कुंदन राय और उसके सहयोगियों के खिलाफ धारा 84 बीएनएसएस के तहत मुनादी कराई गई.
फर्जी दस्तावेजों से करोड़ों की ठगी
जांच में सामने आया है कि गिरोह फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन बेचने का झांसा देकर लोगों को ठगता था. अब तक करीब 13 मामलों में लगभग 2 करोड़ 87 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है.
सरगना गिरफ्तार, बाकी आरोपी फरार
इस मामले में गिरोह के सरगना कृष्णचन्द्र राय को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. वहीं उसका बेटा संगम राय उर्फ कुंदन राय और अन्य सदस्य अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
मुनादी कर दी गई चेतावनी
पुलिस ने आरोपियों के घरों और आसपास के इलाकों में डुगडुगी बजाकर मुनादी कराई, नोटिस चस्पा किए और गवाहों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी की. साथ ही आरोपियों को तय समय में अदालत में पेश होने की चेतावनी दी गई है.
जनता से सहयोग की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि फरार आरोपियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि उनकी गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जा सके.
-भारत एक्सप्रेस
Written By: Shubhra Rai (Intern)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



