MP Dinesh Sharma Lucknow
MP Dinesh Sharma Lucknow: राज्यसभा सांसद और यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि बाल्मीकि/धानुक समाज लखनऊ के प्राण की तरह है. यह श्रम शक्ति जितनी मजबूत होगी, उतना ही प्रदेश भी मजबूत होगा. एक मजबूत शहर वही होता है, जहां मजदूरों का सम्मान होता है.
दरअसल, लखनऊ के त्रिलोकनाथ हॉल, नगर निगम में लखनऊ नगर निगम सफाई कर्मचारी संयुक्त मंच के तत्वावधान में मजदूर दिवस के अवसर पर कर्मचारी सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ. दिनेश शर्मा उपस्थित हुए. इस दौरान उन्होंने कहा कि बाल्मीकि समाज के लोग सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखकर मां की तरह भूमिका निभाते हैं.
श्रम दिवस के इतिहास के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि श्रमिक सही मायने में श्रम योद्धा हैं. स्वच्छता की गारंटी प्रधानमंत्री मोदी देते हैं और उन्होंने ही समाज के इस वर्ग के लोगों का कुंभ के दौरान चरण धोकर वंदन किया था. उन्होंने देश को संदेश दिया कि सभी लोग बराबर हैं और मिलकर देश का निर्माण करेंगे. एक समय था जब शाहजहां ने ताजमहल बनाने वालों के हाथ काट दिए थे, और एक यह समय है जब प्रधानमंत्री राम मंदिर निर्माण करने वालों से हाथ मिलाकर और उनके चरण धोकर स्वागत करते हैं. आज का भारत लोगों की एकजुट शक्ति के आधार पर आगे बढ़ रहा है.
अकुशल कर्मचारियों को मिल रही 3000 रुपये की पेंशन
उन्होंने कहा कि श्रमिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए पोर्टल बनाए गए हैं और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है. 60 वर्ष से अधिक आयु के अकुशल कर्मचारियों के लिए 3000 रुपये की पेंशन का प्रावधान किया गया है. देश में श्रम कानूनों का सरलीकरण किया गया है. बाल्मीकि समाज के हाथ में हुनर है और वे किसी भी क्षेत्र में सफल हो सकते हैं. अपने घर के पास धानुक/बाल्मीकि बस्ती होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बचपन से उनके साथ रहने का अवसर मिला है. महापौर रहते हुए उन्होंने समाज के इस वर्ग को करीब से जाना है और उनके साथ पारिवारिक संबंध हैं. लखनऊ की वर्तमान महापौर की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वे नगर की व्यवस्था को बेहतर बना रही हैं.
आज का भारत डरता नहीं है
सांसद ने कहा कि देश बदल रहा है और आज का भारत न तो डरता है और न ही डराता है, बल्कि दहाड़ता है. देश ऊंच-नीच और हिंदू-मुसलमान के भेदभाव से नहीं चलेगा. भाजपा योजनाओं का लाभ देने में भेदभाव नहीं करती है. जिस प्रदेश में सड़कों का पता नहीं होता था, वहां आज सड़कों का जाल बिछा है और प्रदेश एक्सप्रेसवे प्रदेश कहलाने लगा है. देश में अशांति फैलाने का कुचक्र विदेशों से हो रहा है और इसमें फंसना नहीं है. भारत अब पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों का सफाया करता है.
डॉ. शर्मा ने कहा कि आज का यूपी माफिया और दंगों वाला प्रदेश नहीं है. पहले यूपी में माफियाराज था, लेकिन योगी के आने के बाद अब अगर सिपाही भी डंडा फटकार दे तो वे भाग खड़े होते हैं. आज देश और प्रदेश आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का भरोसा भी दिया.
सफाई कर्मचारियों का परिश्रम ही शहर का बल है
उन्होंने वरिष्ठ सफाई कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को सेवा और समर्पण के लिए ‘कामरेड रत्न’ से सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि उनका परिश्रम और समर्पण ही हमारे शहर का असली बल है.
ये भी पढ़ें- पहाड़ों का सफर अब ‘नो टेंशन’! मोदी सरकार की नई स्लोप पॉलिसी से रुकेगा भूस्खलन, बचेंगी हजारों जिंदगियां
इस अवसर पर पूर्व उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी आयोग श्री मुन्ना सिंह, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री दिवाकर त्रिपाठी, अध्यक्ष लखनऊ बार एसोसिएशन श्री जी.एन. शुक्ला ‘चच्चू’ एडवोकेट, अपर नगर आयुक्त डॉ. राव, वरिष्ठ पत्रकार श्री संतोष बाल्मीकि, माया वाल्मीकि, पार्षदगण श्री राजेश सिंह ‘गब्बर’, श्री प्रमोद राजन, श्री संदीप शर्मा, श्री शैलेंद्र राय, पूर्व पार्षद श्री साकेत शर्मा, श्री मनोज अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक श्री नरेश वाल्मीकि, श्री कमल वाल्मीकि, श्री कौशल वाल्मीकि, श्री सुनील धनुक, श्री नितिन प्रधान, श्री बृजेश वाल्मीकि, श्री अभिषेक दीवान, श्री ऋषि कुमार वाल्मीकि, श्री राम नरेश दीवान, श्री राहुल वैध, श्री सनी धानुक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


