उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (Ghaziabad) स्थित खोड़ा इलाके में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का ‘विराट रूप’ देखने को मिला. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के संस्मरण पखवाड़े के अवसर पर आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे राज्यसभा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने अपने जोशीले भाषण से हजारों कार्यकर्ताओं में नई जान फूंक दी. उनके सीधे और तीखे प्रहारों ने विपक्ष के खेमे में खलबली मचा दी है.
हमारा कार्यकर्ता ‘खरा सोना’ है- दिनेश शर्मा
मुख्य अतिथि के रूप में मंच से गरजते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने डंके की चोट पर कहा कि BJP का कार्यकर्ता 24 कैरेट खरे सोने के समान है. उन्होंने कहा कि हमारा कार्यकर्ता हर परिस्थिति में पार्टी के लिए पूरी तरह समर्पित रहता है और जनता से वही सच्चे वादे करता है जो असलियत में पूरे किए जा सकते हैं. इसके उलट, विपक्ष पर करारा तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षियों का काम सिर्फ ‘हवा-हवाई और झूठे’ वादे करना है, जो कभी जमीन पर नहीं उतरते.
दुकान जली, फिर भी मुंह से निकला ‘पार्टी का जयकारा’
कार्यकर्ताओं के पुराने संघर्षों को याद करते हुए डॉ. शर्मा ने एक रोंगटे खड़े कर देने वाला किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि पहले के समय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कितनी विपरीत और खतरनाक परिस्थितियों में काम किया है. समाजवादी पार्टी (SP) के सबसे बड़े गढ़ इटावा में भी BJP का झंडा बुलंद रहा. उन्होंने कहा कि समर्पण की पराकाष्ठा तो देखिए, विपक्षियों ने हमारे कार्यकर्ता की दुकान में आग तक लगा दी थी, लेकिन उस हालात में भी उसके मुंह से सिर्फ पार्टी की जीत और भारत माता का जयकारा ही निकल रहा था.
मोदी-योगी राज में स्थापित हुआ रामराज्य
डॉ. शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जिस पार्टी की नींव रखी थी, आज उसके कार्यकर्ताओं की मजबूती पूरी दुनिया देख रही है. वर्षों के खून-पसीने की मेहनत का नतीजा है कि आज BJP सत्ता में है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘महामानव’ बताते हुए कहा कि इन दोनों नेताओं ने देश और प्रदेश में असली ‘कानून का शासन’ (Rule of Law) स्थापित कर दिया है.
मंच पर दिखा दिग्गजों का जमावड़ा
इस महा-सम्मेलन में गाजियाबाद के दिग्गजों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला. मंच पर प्रदेश के मंत्री सुनील शर्मा, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, महामंत्री पंकज भारद्वाज, गौरव चोपड़ा, पूर्व अध्यक्ष रीना भाटी और मंडल अध्यक्ष जीतू राय समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे. कार्यक्रम संयोजक देवेंद्र यादव और मंच संचालक भानु सिसोदिया के प्रबंधन में हुए इस आयोजन ने आगामी राजनीतिक लड़ाइयों के लिए BJP के ‘खरे सोने’ को पूरी तरह से चार्ज कर दिया है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


