Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

यूपी के फतेहपुर में बवाल; बजरंग दल नेता ने तोड़ी 100 साल पुरानी मजार, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मवई गांव में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा ‘वली शाह बाबा’ की लगभग 100 साल पुरानी मजार को ढहाने का मामला सामने आया है.

रिपोर्ट – यश


उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसने इलाके के सांप्रदायिक माहौल में थोड़ी हलचल पैदा कर दी है. मामला हुसैनगंज थाना क्षेत्र के मवई गांव का है, जहां एक पुरानी मजार को ढहाने का मामला सामने आया है. यह आरोप बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर लगा है, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी नरेंद्र हिंदू को सलाखों के पीछे भेज दिया है.

क्या है पूरा मामला?

हुसैनगंज के मवई गांव में ‘वली शाह बाबा’ की एक मजार थी, जिसे स्थानीय लोग करीब 100 साल पुराना बताते हैं. जानकारी के मुताबिक, हाल ही में बजरंग दल के कुछ पदाधिकारी वहां पहुंचे और मजार को तोड़ दिया. पुलिस का शुरुआती कहना है कि मजार जिस जमीन पर बनी थी, वह आबादी की जमीन है. लेकिन इसे तोड़ने का तरीका और उसके बाद दिया गया बयान अब चर्चा का विषय बन गया है.

“ये बांग्लादेश नहीं है…” – वायरल वीडियो ने बढ़ाई मुश्किल

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो आग की तरह फैल गया. इस वीडियो में बजरंग दल के नेता नरेंद्र हिंदू साफ तौर पर देखे और सुने जा सकते हैं. मजार तोड़े जाने के दौरान वह एक भड़काऊ बयान देते नजर आए.

वीडियो में नरेंद्र हिंदू ने कहा, “यह बांग्लादेश नहीं है कि किसी हिंदू को उल्टा लटका दिया गया और केरोसिन डालकर जला दिया गया. यह हिंदुस्तान है और यहां किसी भी तरह की जिहादी मानसिकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.” उनके इस बयान ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी और मामले को बेहद संवेदनशील बना दिया.

वीडियो जैसे ही पुलिस के आला अधिकारियों की नजर में आया, प्रशासन ने देर न करते हुए तुरंत एक्शन लिया. हुसैनगंज थाना पुलिस ने रात में ही दबिश देकर नरेंद्र हिंदू को हिरासत में ले लिया. पुलिस का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी.

हुसैनगंज के थाना प्रभारी आलोक कुमार पांडेय ने बताया कि गांव के हालात को देखते हुए वहां एक्स्ट्रा पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. उन्होंने साफ कहा कि वीडियो और घटनाक्रम की बारीकी से जांच हो रही है. फिलहाल गांव में शांति है और स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है.

आगे क्या होगा?

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस घटना के पीछे कोई सोची-समझी साजिश थी या यह अचानक उपजा आक्रोश था. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होते ही दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.

गांव के लोग फिलहाल सहमे हुए हैं, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी ने लोगों को सुरक्षा का अहसास दिलाया है. प्रशासन की कोशिश है कि इस घटना की वजह से जिले के दूसरे हिस्सों में कोई तनाव न फैले.

ये भी पढ़ें: खतरनाक है फास्टफूड का ‘चस्का’! अमरोहा की अहाना की मौत ने सबको डराया, आंतों में छेद देख डॉक्टर भी रह गए दंग

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital