Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

जमीन की लालच में बना हैवान, सोते हुए भाई के सिर में ठोंकी कील, SSP के पास पहुंचा पीड़ित

फिरोजाबाद में जमीन के बंटवारे को लेकर सगे भाई और पिता ने मिलकर सोए हुए शख्स के सिर में कील ठोंक दी. पीड़ित ने आरोप लगाया कि थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज नहीं की, जिसके बाद एसएसपी के दखल पर मुकदमा दर्ज हुआ.

Firozabad Property Dispute Crime

Firozabad Property Dispute Crime: विष्णु कुमार/फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के  फिरोजाबाद से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक छोटे भाई ने जब एसएसपी ऑफिस की दहलीज पार की, तो उसके सिर में जो देखा गया, उसे देखकर पुलिस अफसर भी सन्न रह गए. इस शख्स के सिर में लोहे की एक लंबी कील धंसी हुई थी. यह कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि प्रॉपर्टी के लालच में परिवार के ही अपनों द्वारा रची गई एक खौफनाक साजिश का नतीजा है.

सोते हुए भाई के सिर में ठोंक दी कील

घटना फिरोजाबाद के थाना नारखी इलाके के नगला शौंठ गांव की है. पीड़ित सुनील का आरोप है कि उसके अपने ही खून के रिश्तों ने उसे मौत के घाट उतारने की कोशिश की. सुनील के मुताबिक, जमीन के बंटवारे को लेकर उसका बड़ा भाई काफी समय से रंजिश पाले हुए था. सुनील रात को अपनी चारपाई पर गहरी नींद में सो रहा था, तभी मौका देखकर उसके पिता, बड़े भाई और भाभी ने मिलकर उसे दबोच लिया.

सुनील ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि सोते समय अचानक उसे लगा कि किसी ने उसके सिर पर भारी पत्थर दे मारा है. दर्द के मारे वो बेहोश हो गया. आरोपियों ने उसे मरा हुआ समझकर छोड़ दिया और वहां से भाग निकले. जब कुछ देर बाद उसे होश आया, तो उसे अहसास हुआ कि ये कोई मामूली चोट नहीं, बल्कि उसके सिर में लोहे की एक बड़ी कील मजबूती से ठोंक दी गई है.

थाने से भगाया, तो SSP के पास दौड़ा

इस दिल दहलाने वाली घटना के बाद सुनील मदद की उम्मीद में स्थानीय नारखी थाने पहुंचा. लेकिन वहां पुलिस की संवेदनहीनता देखिए-आरोप है कि पुलिस ने उसे एफआईआर दर्ज करने के बजाय थाने से ही भगा दिया. अपनी फरियाद अनसुनी होने के बाद लाचार सुनील को एसएसपी सौरभ दीक्षित के दफ्तर का रुख करना पड़ा.

एसएसपी के सामने जब सुनील अपने सिर में कील लेकर पहुंचा, तो वहां हड़कंप मच गया. एसएसपी के आदेश पर तुरंत मामला दर्ज किया गया. अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर आम आदमी न्याय के लिए सीधे बड़े अफसरों के पास न जाए, तो क्या थाने की पुलिस ऐसे गंभीर मामलों में भी हाथ पर हाथ धरे बैठी रहेगी?

पुलिस की कार्यशैली पर खड़े हो रहे सवाल

घटना के बाद से इलाके में दहशत है. लोग इस बात को लेकर हैरान हैं कि कैसे जमीन जायदाद के चक्कर में एक परिवार इतना गिर सकता है कि वो अपने ही बेटे और भाई की जान लेने पर उतारू हो जाए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन स्थानीय थाने की भूमिका ने जनता के मन में फिर से पुलिस के प्रति अविश्वास पैदा कर दिया है. पीड़ित अब न्याय की गुहार लगा रहा है और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहा है.

ये भी पढ़ें: वृंदावन में जहां संत प्रेमानंद महाराज का आवास, वहीं फ्लैट लेकर रह रही युवती 9वीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिरी, मौके पर ही मौत

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital