Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

‘काशी में प्रस्तुति देना ईश्वर के सम्मुख गाने जैसा’, वाराणसी के नमो घाट पर काशी गंगा महोत्सव में सुप्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी ने बांधा समां

Kalpana Patowary Kashi Ganga Mahotsav Namo Ghat Varanasi 2026: वाराणसी के नमो घाट पर काशी गंगा महोत्सव में मशहूर लोक गायिका कल्पना पटवारी ने शानदार प्रस्तुति दी. भारत एक्सप्रेस से बातचीत में उन्होंने काशी के बदलावों को सराहा.

रिपोर्ट: विमलेश राय, वाराणसी


‘भोजपुरी की लता मंगेशकर’ के नाम से विख्यात सुप्रसिद्ध लोकगीत गायिका कल्पना पटवारी ने वाराणसी के ऐतिहासिक नमो घाट पर आयोजित भव्य ‘काशी गंगा महोत्सव’ में अपनी सुमधुर गायकी से समां बांध दिया. सोमवार, 23 नवंबर 2026 को आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में कल्पना पटवारी ने मां गंगा की वंदना व प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया और इसके बाद अपने कई लोकप्रिय पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया. इस गरिमामयी कार्यक्रम में वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मंडलायुक्त के. विजेंद्र पांडियन और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी व बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे.

काशी के विद्वानों को किया नमन, सांस्कृतिक पुनरुत्थान की सराहना

कार्यक्रम के दौरान भारत एक्सप्रेस न्यूज़ नेटवर्क से खास बातचीत में कल्पना पटवारी ने काशी के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की. उन्होंने कहा कि काशी बाबा विश्वनाथ की नगरी है और यहां के विद्वानों व संगीत मर्मज्ञों के समक्ष प्रस्तुति देना किसी भी कलाकार के लिए सौभाग्य की बात है. नमो घाट पर मां गंगा के किनारे गाने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यहां ऐसा प्रतीत होता है जैसे आप श्रोताओं के बजाय सीधे ईश्वर के सम्मुख अपनी प्रस्तुति दे रहे हों. उन्होंने इस आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग का आभार भी जताया.

वर्ष 2000 के दशक से लेकर वर्ष 2026 तक काशी में आए बदलावों पर चर्चा करते हुए कल्पना पटवारी ने कहा कि आज देश में एक बड़ा सांस्कृतिक पुनरुत्थान देखने को मिल रहा है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि इस ‘कल्चरल लीडरशिप’ (सांस्कृतिक नेतृत्व) के कारण असम से लेकर बिहार और पूर्वांचल तक के लोक कलाकारों को नया मंच, व्यस्तता और सम्मान मिला है.

आगामी संगीत परियोजनाओं और कार्यक्रमों की दी जानकारी

अपनी आगामी योजनाओं के बारे में बताते हुए कल्पना पटवारी ने कहा कि उन्होंने हाल ही में बिहार की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए मैथिली भाषा सहित अंगिका, बज्जिका, मगही और भोजपुरी बोलियों में छठ गीत माला प्रस्तुत की है. इसके अलावा, वे 29 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में भूपेन हजारिका जी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में कविता कृष्णमूर्ति, श्रेया घोषाल और शंकर महादेवन जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ प्रस्तुति देंगी, तथा 30 नवंबर को पुनः वाराणसी आकर पंडित विक्रम घोष के साथ क्लासिकल और फोक फ्यूजन मंच साझा करेंगी.

यह भी पढ़िए: कल्पना पटोवारी का ‘जगत के पालक दीनानाथ’ छठ गीत बना आस्था का स्वर, भक्तों के दिलों को छू रहा भजन



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism