Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

दिल्ली-आगरा हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार; 4 की मौत, 5 घायल

Mathura Delhi Agra Highway Accident: मथुरा के थाना जैत क्षेत्र में सोमवार तड़के तेज रफ्तार स्विफ्ट कार हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में चार साल का रुद्र और 10 वर्षीय कान्हा भी शामिल हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.

Mathura Delhi Agra Highway Accident

Mathura Delhi Agra Highway Accident

Mathura Delhi Agra Highway Accident: उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा थाना जैत क्षेत्र में दिल्ली-आगरा हाईवे पर सनसिटी के सामने हुआ. यहां हाईवे किनारे खड़े एक ट्रक में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग राहत-बचाव कार्य में जुट गए.

ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई कार, मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह स्विफ्ट कार दिल्ली-आगरा हाईवे से गुजर रही थी. इसी दौरान सनसिटी के सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक में कार पीछे से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. कार के अंदर फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची थाना जैत पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकलवाया. इसके बाद सभी को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चार लोगों को मृत घोषित कर दिया.

चार साल के रुद्र और 10 वर्षीय कान्हा समेत चार की मौत

इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार वर्षीय रुद्र, 10 वर्षीय कान्हा, 32 वर्षीय रूबी और 30 वर्षीय ज्योति शामिल हैं. वहीं, आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल हुए हैं. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. बताया जा रहा है कि घायलों में एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. हादसे में बच्चों समेत चार लोगों की मौत से परिवारों में मातम पसरा हुआ है. अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ जुटी रही. हालांकि, कार में सवार लोगों की संख्या और हादसे में हताहत हुए लोगों के संबंध में पुलिस से आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है.

हादसे की वजह तलाश रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई थी. हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ और क्या इसमें चालक की लापरवाही या कोई अन्य कारण जिम्मेदार था, इसकी जांच की जा रही है. पुलिस हाईवे पर खड़े ट्रक की स्थिति और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है. फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism