अलीपुर/ मुकेश राणा: दिल्ली के अलीपुर थाना इलाके से बेहद गंभीर मामला सामने आया है जहां बीती रात तेज रफ्तार टैक्सी कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी. घटना के बाद बाइक सवार पूरी तरह घायल हो गया जिसके बाद मौके पर स्थानिय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया. इस पूरी घटना की वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई. जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी है. चलिए जानते है पूरा मामला:
फिल्मी सीन जैसा भयानक हादसा
दिल्ली के अलीपुर थाना इलाके से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. जहां बीती रात तेज रफ्तार टैक्सी कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह हवा में उछलकर दूर जा गिरा. पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई. तस्वीरें इतनी भयावह हैं कि मानो कोई रियल एक्सीडेंट नहीं बल्कि किसी एक्शन फिल्म का सीन हो.
कार पेड़ पर लटकी
यह खतरनाक हादसा अलीपुर थाना अंतर्गत बख्तावरपुर गांव में हुआ. तेज रफ्तार टैक्सी नंबर हुंडई ऑरा कार ने बाइक सवार को जबरदस्त टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि टक्कर के बाद कार हवा में उछलती है और सड़क किनारे खड़े पीपल के पेड़ पर जाकर लटक जाती है. यह सीन किसी फिल्मी स्टंट जैसा लग रहा था, लेकिन असल में यह तेज रफ्तार और लापरवाही का खौफनाक अंजाम था.
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, कार अलीपुर के पल्ला गांव की तरफ से बख्तावरपुर की ओर जा रही थी. इसी दौरान अकबरपुर माजरा निवासी युवक बाइक से अपने घर लौट रहा था.गढ़ी टांडा के कब्रिस्तान के सामने अचानक कार का बैलेंस बिगड़ गया. बताया जा रहा है कि कार रॉन्ग साइड में पहुंची और सीधे बाइक सवार को टक्कर मार दी. हादसे के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को संभाला और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
चालक मौके से फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया. जिसके बाद यह सवाल खड़ा हो गया कि इतने भीषण हादसे के बावजूद टैक्सी चालक बच कैसे निकला. घटना की सूचना पुलिस को दी गई जिसके बाद अलीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पेड़ पर लटकी कार को क्रेन की मदद से नीचे उतारा गया और क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर थाने ले जाया गया.
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि चालक नशे में था, नींद में था या किसी अन्य वजह से हादसा हुआ. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. CCTV फुटेज और कार नंबर के आधार पर फरार चालक की तलाश जारी है.इस हादसे के बाद रफ्तार को लेकर फिर सवाल खड़े हो रहे है- आखिर लापरवाही और तेज रफ्तार पर लगाम कब लगेगी? कब तक सड़कों पर नशे और लापरवाही के चलते मौत का तांडव होता रहेगा?
यह भी पढ़े: महिलाओं को जिंदा गाड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, क्या वायरल वीडियो की सच्चाई?
-भारत एक्सप्रेस
Written By: Shubhra Rai (Intern)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



