Bharat Express DD Free Dish

कालिया नाग रूपी पाकिस्तानी आतंकी सोच का मान-मर्दन करेगा भारत, कश्मीर की वादियां रहेंगी गुलजार: डॉ. दिनेश शर्मा

पहलगांव आतंकी हमले पर पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत कालिया नाग जैसी आतंकी सोच का अंत करेगा और देश में एक राष्ट्र, एक चुनाव वरदान साबित होगा.

dr dinesh sharma bjp
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

सुशील ​तिवारी, भारत एक्सप्रेस


उत्‍तर प्रदेश के मेरठ में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने पहलगांव में हुई आतंकी घटना को लेकर पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी. उन्होंने पाकिस्तान की आतंकी मानसिकता की तुलना “कालिया नाग” से करते हुए कहा कि भारत उस सोच का “मान मर्दन” करेगा. उनका कहना था कि पाकिस्तान खुद ही अपने अंदरूनी संघर्षों से समाप्त हो जाएगा और भारत को नुकसान पहुंचाने की उसकी कोई हैसियत नहीं है.

डॉ. दिनेश शर्मा ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के पक्ष में जोरदार तर्क देते हुए कहा कि बार-बार चुनाव होने से देश में आचार संहिता लागू हो जाती है, जिससे विकास कार्य रुक जाते हैं. उन्होंने कहा कि अब तक देश में 400 से अधिक चुनाव हो चुके हैं और इससे न केवल समय और संसाधनों की बर्बादी हुई है, बल्कि नीति निर्माण में भी देरी आई है. उनका कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा यह पहल भारत को एक मजबूत लोकतंत्र के रूप में स्थापित करने का माध्यम बनेगी.

विपक्ष पर साधा निशाना

“संक्रमण काल में भी कर रहे हैं पीएम का विरोध”

डॉ. दिनेश शर्मा ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे देश के संक्रमण काल में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना कर रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बयानों को पाकिस्तान का मीडिया अपने पक्ष में दिखा रहा है. राहुल गांधी और उनके परिवार पर भी उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि वे देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचा रहे हैं.

जातिगत जनगणना को लेकर विपक्ष पर कटाक्ष

“जनगणना के नाम पर जहर बोने की कोशिश”

जातिगत जनगणना को लेकर हो रही राजनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने जनगणना में जाति का भी उल्लेख करने का निर्णय लिया तब भी विपक्ष इसमें कमियां निकाल रहा है. उन्होंने कहा कि पहले जो दल कभी जातिगत गणना का समर्थन नहीं करते थे, अब वे इसमें भी राजनीति ढूंढ रहे हैं.

कश्मीर की तरक्की से कुछ लोग बेचैन

“भारत माता की जय बोल रहा है कश्मीर”

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कश्मीर में हो रही तरक्की कुछ लोगों को हजम नहीं हो रही है, और यही कारण है कि शांति भंग करने की साजिश रची जा रही है. उन्होंने कहा कि अब कश्मीर के लोग समझ चुके हैं कि भारत ही उनका भविष्य है और वे खुलेआम ‘भारत माता की जय’ के नारे लगा रहे हैं.

विपक्षी दलों पर परिवारवाद का आरोप

“एक राष्ट्र, एक चुनाव का विरोध केवल स्वार्थ की राजनीति”

डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि 47 राजनीतिक दलों में से 32 दल एक राष्ट्र, एक चुनाव के पक्ष में हैं. जो दल इसका विरोध कर रहे हैं, वे जनता के लिए नहीं, अपने परिवार और वोट बैंक के लिए राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे दलों की सोच केवल सत्ता में बने रहने तक सीमित है, न कि राष्ट्रहित में.

लोकतंत्र की मजबूती की मिसाल है भारत

“गांव की पंचायतें लोकतंत्र की नर्सरी हैं”

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का हवाला देते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि गांवों में होने वाले चुनाव देश में लोकतंत्र की नींव हैं. प्रधानमंत्री मोदी अब देश को पुराने तरीकों से नहीं, बल्कि आधुनिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा कि अब राजनीति में लोगों को बांटने, दंगे कराने और जाति के नाम पर भड़काने की रणनीति नहीं चलेगी.

राम मंदिर, महाकुंभ और वक्फ कानून का समर्थन: पूर्व डिप्टी सीएम

राम मंदिर निर्माण को करोड़ों राम भक्तों की आस्था की जीत बताते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि इससे अयोध्या और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिली है. कुंभ मेले को लेकर उन्होंने बताया कि इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है और स्थानीय लोगों को आर्थिक लाभ हुआ है. साथ ही, उन्होंने वक्फ कानून की तारीफ करते हुए कहा कि यह कानून गरीब मुसलमानों की भलाई के लिए लाया गया है, लेकिन जिन लोगों ने वक्फ के नाम पर भ्रष्टाचार किया, उन्हें यह कानून हजम नहीं हो रहा है.

योगी सरकार में माफियाराज का अंत हुआ

“अब आम नागरिक को सुकून है”

डॉ. दिनेश शर्मा ने सपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में माफिया गरीबों की जमीन कब्जा कर लेते थे, लेकिन योगी सरकार ने ऐसे माफियाराज का अंत कर दिया है. अब आम नागरिक सुरक्षित महसूस करता है.

डॉ. दिनेश शर्मा के बयानों में जहां एक ओर पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ तीखा रुख दिखाई दिया, वहीं दूसरी ओर ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसे अहम मुद्दे पर उन्होंने देश की जनता को बदलाव के लिए तैयार रहने का संदेश दिया. साथ ही उन्होंने विपक्ष की भूमिका को भी कठघरे में खड़ा किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहलों की सराहना की.

यह भी पढ़ें: ब्राह्मण समाज करता है संस्कृति का संरक्षण- भगवान परशुराम के प्रकटोत्सव पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. दिनेश शर्मा का संबोधन



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read