Kanpur Lamborghini Accident: कानपुर में एक अमीर तंबाकू कारोबारी के बेटे ने अपनी तेज रफ्तार लैम्बोर्गिनी कार से 6 लोगों को उड़ा दिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक बुलेट बाइक पर सवार व्यक्ति उड़कर 10 फीट दूर जा गिरा. सभी घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है.
हादसे से गुस्साए लोगों ने मौके पर ही कार को घेर लिया और कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा को बाहर निकालने की कोशिश करने लगे, जिसपर शिवम के बाउंसरों ने लोगों के साथ जमकर बवाल किया और धक्का देकर कार लेकर शिवम को मौके से भगाने की कोशिश की. तभी पुलिस आ गई और सभी को थाने ले आई.
रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी के बाउंसरों ने थाने में भी लोगों से बदतमीजी की. जिसके बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और लोग थाने पर ही हंगामा करने लगे.
यूपी | कानपुर में तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा ने करोड़ों रुपए कीमत वाली ब्लैक लेंबोर्गिनी गाड़ी से कई लोगों को टक्कर मार दी। भीड़ इकट्ठा हुई तो बाउंसरों ने अभद्रता की। फिलहाल गाड़ी बाउंसरों की सुरक्षा में थाने में सुरक्षित खड़ी है। उसके ऊपर ब्लैक कवर ढका है, ताकि स्क्रैच… pic.twitter.com/LqNKAX6mEX
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) February 8, 2026
दिग्गज तंबाकू कारोबारी का है बेटा
बताया जा रहा है कि शिवम मिश्रा दिग्गज तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा का बेटा है. शिवम मिश्रा को कारों का शौक है. उसके पास रॉल्स रॉयल से लेकर कई लग्जरी कारों का कलेक्शन है.
सड़क किनारे 6 लोगों को उड़ा दिया
शिवम रविवार को ग्वाल टोली थाना क्षेत्र में अपनी लैम्बोर्गिनी कार को तेज रफ्तार में भगा रहा था. तभी रेव-3 के पास कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे 6 लोगों को उड़ा दिया. जिसके बाद मौके पर बवाल मच गया. तभी पुलिस वहां पहुंची और गाड़ी को थाने ले आई और शिवम मिश्रा सहित सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दी.
लोगों का आरोप है कि आरोपी शिवम मिश्रा के पिता के रसूख के चलते पुलिस ने सभी आरोपियों को छोड़ दिया. पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि पुलिस घायलों पर समझौता करने का दबाव बना रही है. हालत ये है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है.
ये भी पढ़ें- सांसद, ब्रिटिश पत्नी और पाकिस्तानी लिंक…, असम सीएम ने गौरव गोगोई पर लगाए सनसनीखेज आरोप, अब गृह मंत्रालय करेगा जांच
कौन है केके मिश्रा ?
शिवम मिश्रा के पिता केके मिश्रा का तंबाकू का कारोबार है. वो कानपुर के बड़ी गुटका कंपनियों को तंबाकू सप्लाई करते हैं. उनकी बंशीधर एक्सपोर्ट्स लिमिटेड नाम की कंपनी है. 2 साल पहले उनकी कंपनी पर आयकर विभाग ने छापेमारी की थी. उनके दिल्ली वाली कोठी से 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की कारें बरामद हुई थीं. छापेमारी में आयकर विभाग को 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की टैक्स चोरी की बात सामने आई थी.
इस संबंध में डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने कहा है कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है. कार को जब्त किया गया है. अभी किसी के तरफ से तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने पर केस दर्ज कराया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


