AI IMAGE
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक आम के बगीचे में 25 वर्षीय प्रेग्नेंट युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतका 7 महीने की गर्भवती थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की सटीक वजह साफ न होने के कारण पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है. वहीं, मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिनका DNA सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा.
शादी के दबाव के बीच मौत
पुलिस जांच के अनुसार, मृतका के दो अलग-अलग व्यक्तियों के साथ संबंध होने की बात सामने आई है. इनमें से एक संदिग्ध 50 वर्षीय गोलू पांडे है, जबकि दूसरा 28 वर्षीय प्रांजल है.
बताया जा रहा है कि 7 महीने की प्रेग्नेंसी के बाद युवती दोनों पर शादी और बच्चे की जिम्मेदारी लेने का दबाव बना रही थी, लेकिन दोनों ही इससे पीछे हट रहे थे. गांव में समाज के डर और लोक-लाज के कारण युवती काफी मानसिक तनाव में थी. इसी बीच वह अचानक अपने घर से लापता हो गई और अगले दिन उसकी लाश बगीचे में मिली.
बच्चे का पिता कौन और क्या है मौत की वजह?
घाटमपुर थाना प्रभारी योगेश सिंह के मुताबिक, मामले में दो बड़ी जांचें अहम साबित होंगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण बिसरा प्रिजर्व किया गया है. फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत स्वाभाविक थी, हत्या हुई या फिर युवती ने जहर खाकर जान दी.
वहीं, पेट में पल रहे बच्चे के पिता की पहचान स्थापित करने के लिए पुलिस बच्चे के DNA का मिलान दोनों हिरासत में लिए गए संदिग्धों के DNA सैंपल से कराएगी.
आत्महत्या के उकसावे की धाराओं में दर्ज हुआ केस
युवती के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत जांच आगे बढ़ा रही है. फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: 16 अगस्त, 16 मिनट और 16 रुपए: कानपुर में इस ऑफर ने मचा दी भगदड़, पुलिस को करनी पड़ी कार्रवाई
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




