Bharat Express DD Free Dish

धमाके के साथ धू-धू कर जल उठी यात्री बस… 32 जिंदगियां दांव पर, जानिए फिर क्या हुआ?

Lucknow Bus Fire: लखनऊ के शहीद पथ पर एक बड़ा हादसा टल गया. गोरखपुर से गुजरात जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस में टायर फटने से अचानक भीषण आग लग गई, लेकिन समय रहते सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया.

लखनऊ के शहीद पथ पर चलती बस में लगी आग

लखनऊ के शहीद पथ पर मेदांता के पास आग का गोला बनी बस, सभी 32 यात्री सुरक्षित बचाए गए. (PC: भारत एक्सप्रेस)

Lucknow Bus Fire:रवि कुमार/लखनऊ:  उत्तर प्रदेश के लखनऊ के शहीद पथ पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रफ्तार भर रही एक चलती बस में अचानक आग की लपटें उठने लगीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, लेकिन गनीमत रही कि वक्त रहते एक बड़ा हादसा टल गया.

गोरखपुर से गुजरात जा रही एक डबल डेकर बस का टायर फटने से लखनऊ के शहीद पथ पर मेदांता अस्पताल के पास भीषण आग लग गई. बस में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है.

मेदांता के सामने जलकर खाक हुई बस

राजधानी लखनऊ के थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र अंतर्गत शहीद पथ पर मेदांता अस्पताल के सामने एक दर्दनाक हादसा होते-होते बचा. गोरखपुर से सूरत (गुजरात) जा रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट डबल डेकर बस में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी भयावह थी कि जब तक लोग कुछ समझ पाते, पूरी बस आग का गोला बन गई और जलकर पूरी तरह खाक हो गई.

टायर फटने से हादसा

पुलिस के अनुसार, बस का टायर अचानक फटने के कारण यह आग लगी. धमाके की आवाज के साथ ही बस से धुआं और लपटें निकलने लगीं, जिससे अंदर सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया. हादसे के वक्त बस में कुल 32 यात्री सवार थे. चालक की सूझबूझ और स्थानीय पुलिस की तत्परता से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई.

दमकल की दो गाड़ियों ने पाया काबू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. दमकल की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि सभी 32 यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

यह भी पढ़ें-केरल में कुदरत का करिश्मा! 3 दिन तक मिट्टी में दबी रही मां और दो बच्चे, धीमी आवाज ने बचाई जिंदगियां

-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read