Meerut Kidnapping Case
Meerut Kidnapping Case: यूपी के मेरठ जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां HDFC बैंक के एरिया मैनेजर अर्पित शर्मा ने 7 वर्षीय अंगद की अपहरण के बाद हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने बच्चे का अपहरण किया और बाद में उसे नहर में फेंक दिया.
पुलिस और गोताखोरों की टीम ने नहर में बच्चे की तलाश की लेकिन सुराग नहीं मिला. आरोपी से सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि बच्चे की हत्या कर शव खेत में फेंक दिया है. पुलिस ने अर्पित शर्मा की निशानदेही पर बच्चे का शव खेत से बरामद कर लिया.
शादी के लिए तैयार नहीं थी महिला
पुलिस जांच में सामने आया है कि अर्पित शर्मा की अंगदवीर की मां से बातचीत होती थी और दोनों के बीच संबंध थे. बताया जा रहा है कि अर्पित महिला से शादी करना चाहता था, लेकिन महिला इसके लिए तैयार नहीं थी.
मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी को लगता था कि बच्चा उसके और महिला के रिश्ते में बाधा बन रहा है. इसी के चलते उसने खौफनाक साजिश रची और मासूम अंगदवीर को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया. अर्पित ने दिनदहाड़े 7 साल के अंगदवीर का कार में अपहरण कर लिया. बच्चे के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया. परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
हत्या कर शव खेत में फेंका
मामले की सूचना पुलिस को दी गई तो पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अर्पित शर्मा तक पहुंच गई. पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी अर्पित शर्मा टूट गया और उसने वारदात कबूल कर ली. पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि अपहरण के बाद वह बच्चे को अपने साथ ले गया और फिर उसकी हत्या करके शव खेत में फेंक दिया.
मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. अर्पित HDFC बैंक में एरिया मैनेजर है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


