UP News: मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र के मेहरमती गणेशपुर गांव में ईद का त्योहार मातम में बदल गया. पैसों के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हिंसक झड़प में बदल गया. इस संघर्ष में ग्राम प्रधान के दो सगे भाइयों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
गांव में शाम को ग्राम प्रधान सईदु और आरोपी पक्ष चुन्नू के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए. आरोप है कि चुन्नू पक्ष के लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया. इस हमले में ग्राम प्रधान के भाई भूरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सईमुद्दीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
कई लोग घायल
इस झड़प में दोनों पक्षों के करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है. ग्राम प्रधान सईदु भी इस हमले में घायल हुए हैं. आरोपी पक्ष के लोग भी चोटिल हुए हैं.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की. गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. एसएसपी अविनाश पांडेय और एसपी देहात अभिजीत कुमार खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. तीन थानों की फोर्स भी गांव में मौजूद रही. फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है.
गिरफ्तारियां और जांच
पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, फरार हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. एसएसपी ने बताया कि यह मामला पैसों के लेन-देन से जुड़ा है और पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें-मथुरा में ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत के बाद बवाल, हाईवे जाम और पथराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
गांव में माहौल
गांव में इस घटना के बाद दहशत और गम का माहौल है. मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है. ईद का त्योहार जहां खुशी का दिन होना चाहिए था, वहीं इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों को जल्द ही सजा दिलाई जाएगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

