Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मेरठ की हाईराइज सोसाइटी में खौफ के 15 मिनट: बिजली कटने से लिफ्ट में फंसे बच्चे और बुजुर्ग, मेंटेनेंस के नाम पर बड़ी लापरवाही

मेरठ के मोदीपुरम स्थित सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी सोसाइटी में बिजली और जनरेटर फेल होने से लिफ्ट बीच में अटक गई. लिफ्ट के अंदर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग समेत आधा दर्जन लोग करीब 15 मिनट तक फंसे रहे. स्थानीय लोगों और गार्ड्स ने भारी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला.

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बार फिर हाईराइज सोसायटियों में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. मोदीपुरम के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में स्थित सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी सोसाइटी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक लिफ्ट अचानक बीच रास्ते में ही थम गई. इस बंद लिफ्ट के अंदर बच्चे, महिलाएं और बुजुर्गों समेत करीब आधा दर्जन लोग फंस गए. उमस और अंधेरे के बीच करीब 15 मिनट तक लिफ्ट में फंसे लोगों की सांसें अटकी रहीं और पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

कैसे हुआ यह हादसा?

यह पूरी घटना सोसाइटी की एफ-1 बिल्डिंग की है. देर शाम अचानक इलाके की बत्ती गुल हो गई. अमूमन ऐसी स्थिति में जनरेटर बैकअप शुरू हो जाता है लेकिन यहां बिजली कटने के साथ ही जनरेटर ने भी काम करना बंद कर दिया. नतीजा यह हुआ कि चलती हुई लिफ्ट अचानक फ्लोर के बीच में ही जाम हो गई.

आपको जानकर हैरानी होगी कि 14 मंजिला इस टावर में कुल 206 फ्लैट हैं लेकिन इतनी बड़ी आबादी के लिए यहां सिर्फ दो लिफ्ट लगाई गई हैं. निवासियों का कहना है कि इनमें से एक लिफ्ट तो पिछले कई महीनों से कबाड़ बनी पड़ी है. ऐसे में पूरी सोसाइटी का लोड सिर्फ इसी एक लिफ्ट पर था जो हादसे का शिकार हो गई.

गार्ड्स और निवासियों ने मिलकर बचाया

लिफ्ट रुकते ही अंदर फंसे लोगों ने शोर मचाना शुरू किया. आवाज सुनकर सोसाइटी के सुरक्षाकर्मी और आस-पास के लोग मौके पर दौड़े. काफी देर की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद स्थानीय लोगों और गार्ड्स ने मिलकर किसी तरह लिफ्ट का दरवाजा खोला और अंदर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. बाहर आते ही लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन उनका गुस्सा सातवें आसमान पर था.

ये भी पढे़ं- ‘वहां किसी अधिकारी की जरूरत नहीं…’ राम मंदिर के नए विवाद पर संतों ने खोला मोर्चा, जानिए क्या है पूरा मामला?

मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ वसूली?

इस हादसे के बाद सोसाइटी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. रेजिडेंट्स का आरोप है कि वे हर महीने भारी-भरकम मेंटेनेंस चार्ज देते हैं लेकिन सुविधाओं के नाम पर उन्हें ठगा जा रहा है. लिफ्ट में न तो ऑटोमैटिक रेस्क्यू डिवाइस काम कर रहा था न इमरजेंसी लाइट थी और न ही वेंटिलेशन का कोई इंतजाम था. लोगों ने सोसाइटी मैनेजमेंट के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चेतावनी दी है कि अगर दोनों लिफ्टों को जल्द से जल्द दुरुस्त नहीं किया गया और सुरक्षा मानक पूरे नहीं हुए तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital