Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

विंध्याचल धाम में हाई वोल्टेज ड्रामा! आरती से ठीक पहले पुलिस और श्रद्धालुओं में तीखी बहस, धक्का-मुक्की का वीडियो वायरल

मिर्ज़ापुर के विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में शाम की आरती के दौरान भीड़ नियंत्रण को लेकर श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई, जो कुछ समय के लिए तनाव में बदल गई.

रिपोर्ट- अंबुज द्विवेदी


उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर स्थित विंध्याचल धाम में मंगलवार शाम उस समय हल्का तनाव देखने को मिला, जब माँ विंध्यवासिनी के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हो गई. यह पूरा मामला उस वक्त हुआ जब शाम की आरती शुरू होने से ठीक पहले मंदिर परिसर में भारी भीड़ जमा थी और लोग दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े थे.

विंध्याचल स्थित प्रसिद्ध माँ विंध्यवासीनी धाम में गेट नंबर-2 के पास श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से अंदर भेजने की कोशिश की जा रही थी. इसी दौरान एक श्रद्धालु किसी बात को लेकर पुलिसकर्मियों से नाराज़ हो गया. शुरुआत में मामला सिर्फ बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही पलों में आवाज़ें तेज़ हो गईं और माहौल तनावपूर्ण हो गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्रद्धालु और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बन गई, जिससे वहां मौजूद अन्य लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी फैल गई. हालांकि पुलिसकर्मी स्थिति को संभालने की कोशिश करते रहे और अन्य श्रद्धालुओं को शांत बनाए रखने का प्रयास किया गया.

स्थानीय लोगों की समझदारी से शांत हुआ मामला

स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों और अन्य श्रद्धालुओं ने बीच-बचाव किया. समझाने-बुझाने के बाद संबंधित श्रद्धालु शांत हो गया और मामला धीरे-धीरे सामान्य हो गया. राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना का वीडियो किसी मौजूद व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पुलिस और श्रद्धालु के बीच बहस और भीड़भाड़ का दृश्य साफ देखा जा सकता है. हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

विंध्याचल धाम में खासकर त्योहारों और आरती के समय भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण प्रशासन के लिए हमेशा एक बड़ी चुनौती बन जाती है. ऐसे में छोटी-छोटी गलतफहमियां कभी-कभी तनाव का कारण बन जाती हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि व्यवस्था और संवाद बेहतर हो तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता है.

फिलहाल मंदिर परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और श्रद्धालु पहले की तरह दर्शन कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: बलरामपुर में सीएम योगी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital