Neha Singh Rathore: भोजपुरी फोक सिंगर नेहा सिंह राठौर सोमवार को लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली पहुंची. जहां उन्होंने अपना बयान दर्ज कराया. नेहा सिंह राठौर के खिलाफ पहलगाम हमले के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने को लेकर एफआईआर दर्ज है. वो अपने पति के साथ कोतवाली पहुंची थीं. नेहा सिंह राठौर ने इसकी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की हैं.
इससे पहले अंतरिम जमानत खारिज होने पर 4 जनवरी को नेहा सिंह राठौर अपने पति हिमांशु सिंह के साथ हजरतगंज कोतवाली पहुंची थी. जहां उन्होंने विवेचक को बताया था कि वो बीमारी के चलते अपना पक्ष रखने कोतवाली नहीं आ सकीं थी. पुलिस ने उनसे इस संबंध में मेडिकल देने के लिए कहा था.

हेल्थ इश्यू के चलते नहीं आ पाई
पुलिस की पूछताछ के बाद कोतवाली से बाहर निकलते समय नेहा सिंह राठौर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उनके खिलाफ हुए मुकदमे में बयान दर्ज कराना था. पहले हेल्थ इश्यूज के कारण वो नहीं आ सकीं थी. अब उन्होंने बयान दर्ज करा दिया है.
गौरतलब है कि पाक आतंकवादियों के द्वारा पहलगाम में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या मामले पर नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट किया था. जिसको लेकर लखनऊ निवासी अभय प्रताप सिंह ने उनके खिलाफ 27 अप्रैल को केस दर्ज कराया था. इसके अलावा 3 अन्य लोगों ने भी अलग-अलग कोतवाली में नेहा सिंह राठौर के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी. पुलिस ने सभी शिकायतों को एक साथ मिला दिया था.
ये भी पढ़ें- BJP President Election: निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुने गए नितिन नबीन, किसी अन्य उम्मीदवार ने नहीं किया नामांकन
हाईकोर्ट ने खारिज की जमानत याचिका
इस संबंध में हजरतगंज कोतवाली इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने नेहा सिंह के खिलाफ हुए मुकदमे को लेकर नोटिस भेजा था, लेकिन नेहा अग्रिम जमानत अर्जी पर बयान दर्ज कराने नहीं पहुंची. जिसके बाद पुलिस ने अपनी शिकायत हाईकोर्ट को भेज दी थी. कोर्ट ने भी नेहा सिंह राठौर की जमानत याचिका खारिज कर दी थी.
बनारस में भी दर्ज है मुकदमा
भोजपुरी सिंगर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ बनारस के लंका थाने में भी मामला दर्ज था. इस मामले में बयान दर्ज कराने नहीं पहुंचने पर लंका थाने के दरोगा राजेश सिंह ने 24 नवंबर को उनके फ्लैट पर दबिश दी थी.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


