Prayagraj News: प्रयागराज के माघ मेले में पुलिस और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिष्यों के साथ जमकर धक्का-मुक्की हो गई. पुलिस ने कई शिष्यों को हिरासत में ले लिया. वहीं एक साधु को पुलिस ने चौकी में जमकर पीटा. जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
पुलिस के इस रवैये को देख शंकराचार्य नाराज हो गए और धरने पर बैठ गए. पुलिस अधिकारी शंकराचार्य के सामने हाथ जोड़कर मनाने की कोशिश करते रहे लेकिन शंकराचार्य नहीं माने.
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी के शिष्यों को हिरासत में लिया गया और उनके रथ को जबरन संगम क्षेत्र से बाहर कर दिया गया। सदियों पुरानी संतों की स्नान परंपरा को बाधित करना—क्या यही सनातन की रक्षा है?#Shankaracharya #sangam #MaghMela pic.twitter.com/a2SGNXRblB
— Sushil K Yati (@SushilYati) January 18, 2026
पालकी से संगम जा रहे थे शंकराचार्य
दरअसल प्रयागराज के माघ मेले में मौनी अवामस्या का स्नान करने शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद अपनी पालकी में बैठकर जा रहे थे. भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने उनसे पैदल संगम तक जाने की गुजारिश की. जिसे शंकराचार्य के शिष्यों ने नहीं माना और पालकी लेकर आगे बढ़ते रहे. जिसपर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की.
इसी बीच पुलिस और शंकराचार्य के शिष्यों के बीच धक्का-मुक्की हो गई. हालात बिगड़ता देख पुलिस ने शिष्यों को हिरासत में ले लिया और शंकराचार्य की पालकी को खुद खींचते हुए संगम से 1 किलोमीटर दूर ले गए. इस दौरान खींचतान में शंकराचार्य का क्षत्रप भी टूट गया. जिसकी वजह से शंकराचार्य स्नान भी नहीं कर सके.
चौकी में शिष्यों के साथ जमकर मारपीट
शंकराचार्य पुलिस के रवैये से काफी नाराज हो गए और अपने शिविर में धरने पर बैठ गए हैं. इसी बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें पुलिस शंकराचार्य के शिष्यों के साथ चौकी में मारपीट कर रही है. शिष्य का शिखा पकड़कर पुलिस ने जमकर पीटा.
ये भी पढ़ें- देखते ही देखते स्वाहा हुई बाइक! हमीरपुर के पेट्रोल पंप पर भभकी भीषण आग, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ खौफनाक मंजर
पुलिस अधिकारियों के रवैये से नाराज शंकराचार्य ने मांग की है कि जबतक उन्हें ससम्मान प्रोटोकॉल के साथ संगम नहीं ले जाया जाएगा तबतक वो गंगा स्नान नहीं करेंगे.
इस मामले में प्रयागराज डीएम मनीष कुमार वर्मा ने भी पुलिस का पक्ष रखा है. उन्होंने कहा कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद बिना इजाजत पालकी पर आए थे. भीड़ ज्यादा होने की वजह से काफी कठिनाई हो रही थी. शंकराचार्य के समर्थकों ने बैरियर तोड़ दिया और पुलिस से धक्का-मुक्की करने लगे. जिसके बाद पुलिस को कदम उठाना पड़ा. फिलहाल हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
